Keir Starmer Resigns: ब्रिटिश PM स्टॉर्मर ने किया इस्तीफे का ऐलान, सत्ता संभालने के दो साल बाद ही क्यों उठाना पड़ा यह कदम? जानिए 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लंदन: ब्रिटेन की राजनीति से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने औपचारिक रूप से घोषणा की है कि वह सत्ताधारी लेबर पार्टी के नेता का पद छोड़ रहे हैं। स्टॉर्मर ने स्पष्ट किया है कि अगले कुछ सप्ताह के भीतर लेबर पार्टी के नए नेता के चुने जाने तक वह देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री (Acting Prime Minister) के रूप में जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। पिछले सप्ताह हुए एक अहम उपचुनाव में स्टॉर्मर के प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले एंडी बर्नहैम की जीत के बाद उनके प्रधानमंत्री पद से हटने की पृष्ठभूमि तैयार हुई। माना जा रहा कि बर्नहैम प्रधानमंत्री बनेंगे। 

प्रधानमंत्री कार्यालय '10 डाउनिंग स्ट्रीट' से अपने संबोधन में भावुक स्टॉर्मर ने कहा, ''मेरी पार्टी अब यह सवाल पूछ रही है कि क्या अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए मैं सबसे उपयुक्त व्यक्ति हूं।'' उन्होंने कहा, ''मैंने उस सवाल पर अपनी संसदीय पार्टी का जवाब सुना है और मैं उस जवाब को खुशी-खुशी स्वीकार करता हूं। मैंने जो भी फैसला लिया है, उसमें हमेशा उस देश को प्राथमिकता दी है जिससे मैं प्यार करता हूं। इसीलिए मैं लेबर पार्टी के नेता के पद से इस्तीफा दे रहा हूं।'' 

स्टॉर्मर ने कहा कि उन्होंने सोमवार सुबह महाराजा चार्ल्स तृतीय से बात करके उन्हें इस फैसले के बारे में जानकारी दी। अब वह लेबर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति से अपने उत्तराधिकारी के चयन की समय-सीमा तय करने का अनुरोध करेंगे। इसके तहत नौ जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और संसद के ग्रीष्मकालीन अवकाश, जो 17 जुलाई से निर्धारित है, से पहले नए नेता के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

गिरती लोकप्रियता और चौतरफा दबाव के बाद उठाया कदम

जुलाई 2024 में लेबर पार्टी को शानदार चुनावी जीत दिलाकर सत्ता की कमान संभालने वाले केअर स्टॉर्मर पिछले दो वर्षों से प्रधानमंत्री पद पर थे। हालांकि, बीते कुछ समय से उनकी सरकार और लेबर पार्टी दोनों की लोकप्रियता में भारी और तेज गिरावट दर्ज की जा रही थी। सरकार के गिरते ग्राफ के बीच देश और पार्टी के भीतर से ही नए नेतृत्व को मौका देने की मांग लगातार तेज हो रही थी, जिसके बाद चौतरफा दबाव का सामना करते हुए आखिरकार स्टॉर्मर ने पद छोड़ने का ऐलान कर दिया।

एंडी बर्नहैम की जीत ने तैयार की इस्तीफे की पृष्ठभूमि

प्रधानमंत्री पद से स्टॉर्मर के हटने की पृष्ठभूमि पिछले सप्ताह हुए एक विशेष चुनाव के बाद ही तैयार हो गई थी। इस चुनाव में स्टॉर्मर के कड़े प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर एंडी बर्नहैम ने बड़ी जीत हासिल की थी। बर्नहैम सोमवार को संसद सदस्य (MP) के रूप में शपथ लेने वाले हैं।

ब्रिटिश राजनीतिक गलियारों में अभी यह पूरी तरह साफ नहीं है कि एंडी बर्नहैम को सर्वसम्मति से लेबर पार्टी का नया नेतृत्व सौंप दिया जाएगा या फिर उन्हें पार्टी के भीतर किसी और चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

नेतृत्व की रेस में वेस स्ट्रीटिंग

केअर स्टॉर्मर के नेतृत्व के विरोध में पिछले महीने ही अपने स्वास्थ्य मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले दिग्गज नेता वेस स्ट्रीटिंग ने भी अपने इरादे साफ कर दिए हैं। स्ट्रीटिंग ने कहा है कि यदि लेबर पार्टी के नए नेता और प्रधानमंत्री पद के नेतृत्व के लिए पार्टी के अंदर चुनाव (वोटिंग) होता है, तो वह भी इस रेस में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे।

इससे पहले, प्रधानमंत्री कार्यालय (डाउनिंग स्ट्रीट) ने स्टॉर्मर के इस्तीफे को लेकर चल रही सभी अटकलों पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया था। हालांकि, देश के व्यापार मंत्री पीटर काइल ने रविवार को एक बयान में संकेत दिया था कि स्टॉर्मर इस समय मौजूद ''राजनीतिक वास्तविकताओं, चुनौतियों और अवसरों'' पर गहराई से विचार करने के लिए थोड़ा समय ले रहे हैं।

ये भी पढ़ें  : 
ईरान-अमेरिका के बीच पहले दौर की बातचीत समाप्त, 'डी-कॉन्फ्लिक्शन सेल' से थमेगा लेबनान संकट

संबंधित समाचार