PM Modi को मिला स्लोवाकिया का सर्वोच्च राजकीय सम्मान, UNSC में भारत की स्थायी सदस्यता का भी किया समर्थन ; सीएम योगी ने बताया गर्व का पल 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

ब्रातिस्लावा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्लोवाकिया की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक सफलता लेकर आई है। स्लोवाकिया ने न केवल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में सुधारों की आवश्यकता पर बल देते हुए भारत की स्थायी सदस्यता का पुरजोर समर्थन किया है, बल्कि पीएम मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा है।

UNSC में सुधार और भारत की दावेदारी का समर्थन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच ब्रातिस्लावा में सोमवार को एक उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक हुई। इस वार्ता के बाद जारी किए गए संयुक्त वक्तव्य में दोनों देशों ने वैश्विक संस्थाओं में बदलाव की मांग की।

समावेशी प्रतिनिधित्व

दोनों नेताओं ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और UNSC सहित अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में व्यापक सुधार बेहद जरूरी हैं ताकि उन्हें अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण, समावेशी और मौजूदा भूराजनीतिक परिस्थितियों के अनुकूल बनाया जा सके।

परिषद का विस्तार 

संयुक्त बयान में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का विस्तार स्थायी और अस्थायी, दोनों श्रेणियों में किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

भारत का आभार

भारत ने सुरक्षा परिषद में सुधार और स्थायी सदस्य के रूप में नई दिल्ली की दावेदारी का लगातार समर्थन करने के लिए स्लोवाकिया के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

भारत का तर्क

भारत लंबे समय से UNSC में स्थायी सदस्यता की मांग कर रहा है। देश का मानना है कि वर्तमान 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की संरचना पुरानी हो चुकी है और यह समकालीन वैश्विक वास्तविकताओं का प्रतिनिधित्व नहीं करती। गौरतलब है कि भारत की इस मांग को यूरोप के कई देशों के साथ-साथ जी4 समूह (ब्राजील, जर्मनी और जापान) का भी पूरा समर्थन प्राप्त है।

"द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस" से सम्मानित हुए पीएम मोदी

स्लोवाकिया यात्रा के दौरान सोमवार रात आयोजित एक विशेष और भव्य समारोह में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान "द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस, फर्स्ट क्लास" से सम्मानित किया।

33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान

यह प्रधानमंत्री मोदी को मिलने वाला 33वां अंतरराष्ट्रीय या वैश्विक सम्मान है।

140 करोड़ भारतीयों को समर्पित

इस प्रतिष्ठित सम्मान को स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान भारत के 1.4 अरब लोगों तथा भारत और स्लोवाकिया के बीच स्थायी मैत्री संबंधों को समर्पित है। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच आत्मीयता, विश्वास और स्नेह का प्रमाण बताया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया गर्व, बोले- '140 करोड़ भारतीयों के लिए बड़ा क्षण' उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। सोमवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सीएम योगी ने इसे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया।

वैश्विक साख का प्रतीक: सीएम योगी ने कहा, "स्लोवाकिया द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया जाना 140 करोड़ भारतीयों के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है। यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत के प्रति बढ़ते वैश्विक सम्मान का प्रतीक है।"

दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना: उन्होंने आगे जोड़ा कि यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने और देशों के बीच स्थायी मित्रता विकसित करने में पीएम मोदी के असाधारण योगदान को दर्शाता है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक प्रभावशाली आवाज बनकर उभरा है।

फ्रांस में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन के लिए रवाना

स्लोवाकिया का दौरा संपन्न करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 देशों के 52वें शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस के एवियन शहर के लिए रवाना होंगे। भारत इस वैश्विक सम्मेलन में एक भागीदार देश के रूप में हिस्सा ले रहा है, जहाँ कई अन्य वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें  :

Slovakia-India: भारत-स्लोवाकिया के रिश्तों को मिली बड़ी उड़ान, रक्षा और एआई समेत 11 समझौतों पर हस्ताक्षर

 

 

 

संबंधित समाचार