ICC Test Rankings: जो रूट का छूटा 'ताज', हैरी ब्रूक बने टेस्ट के नए नंबर-1 बल्लेबाज, शुभमन गिल ने लगाई लंबी छलांग

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

दुबई: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में इस हफ्ते जबरदस्त उथल-पुथल देखने को मिली है। लंबे समय से टेस्ट बल्लेबाजी में बादशाहत कायम रखने वाले इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट की सल्तनत खत्म हो गई है। उनके फ्लॉप शो का फायदा उठाते हुए उन्हीं की टीम के युवा सनसनी हैरी ब्रूक टेस्ट क्रिकेट के नए नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। इस बीच, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल को भी हालिया दमदार प्रदर्शन का बड़ा इनाम मिला है।
 

हैरी ब्रूक का राजतिलक, जो रूट को दोहरा नुकसान

 
इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाज हैरी ब्रूक अब 869 रेटिंग पॉइंट्स के साथ आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हो गए हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ खिलाड़ी ट्रेविस हेड भी एक पायदान की बढ़त के साथ दूसरे नंबर (853 रेटिंग) पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली पारी में महज 1 रन और दूसरी पारी में केवल 8 रन बनाने वाले जो रूट को दो स्थानों का बड़ा घाटा सहना पड़ा है। रूट अब 851 रेटिंग के साथ सीधे तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
 

टॉप-10 बल्लेबाजों का पूरा गणित

 
ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ चौथे पायदान पर बरकरार हैं, जबकि श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस एक स्थान के सुधार के साथ नंबर 5 पर आ गए हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन की खराब फॉर्म का असर उनकी रैंकिंग पर भी दिखा है, वे एक पायदान नीचे गिरकर छठे नंबर पर आ गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेम्बा बावुमा पहले की तरह सातवें स्थान पर जमे हुए हैं।
 

शुभमन गिल की बादशाहत, यशस्वी जायसवाल पिछड़े

 
भारतीय खेमे की बात करें तो कप्तान शुभमन गिल ने टेस्ट रैंकिंग में तगड़ी छलांग लगाई है। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में शानदार 126 रनों की शतकीय पारी खेलने वाले गिल अब दो पायदान ऊपर चढ़कर सीधे 8वें स्थान पर पहुंच गए हैं, उनकी ताजा रेटिंग 743 हो गई है। हालांकि, भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को थोड़ा नुकसान उठाना पड़ा है और वे एक स्थान नीचे खिसककर 9वें पायदान पर आ गए हैं। वहीं, श्रीलंका के अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चंदीमल टॉप-10 में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।
 
 
 

संबंधित समाचार