जम्मू में भारी बारिश का कहर, तीसरे दिन भी बंद अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा; अबतक 23 लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

जम्मू। जम्मू संभाग के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है। खराब मौसम और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक, बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक पुंछ, राजौरी और डोडा जिलों में कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात लोग अभी भी लापता हैं।

मूसलाधार बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा, शिव खोरी यात्रा और मचैल माता यात्रा समेत सभी प्रमुख तीर्थ यात्राएं मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी स्थगित रहीं। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में जिला प्रशासन, आपदा मोचन दल, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। हालात पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा रहे हैं।

प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम में सुधार होने और यात्रा मार्गों को सुरक्षित घोषित किए जाने तक निर्धारित सुरक्षित स्थानों और आश्रय स्थलों पर ही रुकें। इस बीच, बचाव दल पुंछ और राजौरी जिलों में लापता सात लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। इन क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों के दौरान बादल फटने, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, माता वैष्णो देवी यात्रा के आधार शिविर कटरा में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 107.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पुंछ में 61.5 मिमी, रियासी में 54.5 मिमी, राजौरी में 49 मिमी और जम्मू में 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और बिना जरूरी कारणों के जोखिम वाले इलाकों में जाने से बचें।

ये भी पढ़ें : 
राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने ओम बिरला से की मुलाकात, प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग का मुद्दा उठाया

संबंधित समाचार