NSA अजित डोभाल को मिलेगा लोकमान्य तिलक पुरस्कार, राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान के लिए होगा सम्मान
1 अगस्त को पुणे में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे सम्मानित। राष्ट्रीय सुरक्षा, कूटनीति और रणनीतिक नेतृत्व में योगदान के लिए चुने गए अजित डोभाल।
पुणे: भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल को राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसकी घोषणा सोमवार को तिलक स्मारक ट्रस्ट ने की।
1 अगस्त को होगा सम्मान समारोह
तिलक स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रोहित तिलक ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह 1 अगस्त को पुणे के गुलटेकड़ी स्थित महाराष्ट्रीय मंडल मैदान में आयोजित होगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में अजित डोभाल को सम्मानित करेंगे।
कई वरिष्ठ नेता रह सकते हैं मौजूद
समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के भी शामिल होने की संभावना जताई गई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा में निभाई अहम भूमिका
81 वर्षीय अजित डोभाल ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में मिजोरम, सिक्किम, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इस्लामाबाद और लंदन स्थित भारतीय मिशनों में भी राजनयिक सेवाएं दी हैं।
भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले NSA
अजित डोभाल देश के सबसे लंबे समय तक कार्यरत राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं। वह भारत-चीन सीमा वार्ता के लिए भारत के विशेष प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। डोकलाम गतिरोध के समाधान में उनकी कूटनीतिक भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
1983 से दिया जा रहा है यह प्रतिष्ठित सम्मान
लोकमान्य तिलक पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1983 में हुई थी। यह सम्मान हर वर्ष स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि (1 अगस्त) पर उन व्यक्तित्वों को दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण और विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
कई दिग्गज हस्तियां हो चुकी हैं सम्मानित
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, शरद पवार सहित कई प्रमुख राष्ट्रीय हस्तियों को सम्मानित किया जा चुका है।
यह भी पढ़ेंः 11 करोड़ टीवी होंगे बंद! 6 गुना तक बढ़ेगा सकता है केबल और DTH का मंथली चार्ज? सामने आया सरकार का बयान
