Delhi Capitals के बल्लेबाज अभिषेक पोरेल पर दुष्कर्म का आरोप, कोलकाता हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी के दिए निर्देश
महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, वीडियो रिकॉर्ड करने और धमकी देने का लगाया आरोप; क्रिकेटर ने सभी आरोपों को बताया निराधार
कोलकत्ताः आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल के युवा क्रिकेटर अभिषेक पोरेल कानूनी विवाद में घिर गए हैं। एक महिला ने उनके खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और निजी पलों की कथित वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में कोलकाता हाईकोर्ट ने पुलिस को सख्त कार्रवाई करते हुए क्रिकेटर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि अभिषेक पोरेल ने शादी का वादा कर मंकुंडू स्थित अपने फ्लैट में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का यह भी दावा है कि क्रिकेटर ने उनकी निजी वीडियो रिकॉर्ड की, उन्हें जबरन कमरे में रोके रखा और बाद में फोन व सोशल मीडिया के माध्यम से धमकियां दीं।
मामले की सुनवाई के दौरान कोलकाता हाईकोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया कि अभिषेक पोरेल के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तुरंत जब्त किए जाएं, ताकि कथित डिजिटल साक्ष्यों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या लीक की संभावना को रोका जा सके। जांच के दौरान पुलिस को एक पेन ड्राइव भी मिली है, जिसे संभावित साक्ष्य के तौर पर देखा जा रहा है।
दूसरी ओर, अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और गलत बताया है। उनका कहना है कि शिकायत बेबुनियाद है और पुलिस की प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही वह इस मामले पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे। फिलहाल यह मामला मोगरा पुलिस स्टेशन में दर्ज है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
23 वर्षीय अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं और वर्ष 2023 से आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। उन्होंने पिछले सीजन में टीम के लिए चार पारियों में 108 रन बनाए थे। अब तक वह 35 आईपीएल मैच खेलने के अलावा 32 प्रथम श्रेणी और 23 लिस्ट-ए मुकाबले भी खेल चुके हैं।
यह भी पढ़ेंः IND vs ZIM T20 Series: 'भारत नहीं, दोनों टीमों के पास बराबर मौका', जिम्बाब्वे कप्तान सिकंदर रजा का बड़ा दावा
