Budaun News : आंधी में झोपड़ी पर गिरा ट्रांसफार्मर, भाई-बहन की मौत
सोमवार शाम आई आंधी में दातागंज क्षेत्र के गांव जमालपुर में हुआ हादसा
दातागंज (बदायूं), अमृत विचार। सोमवार शाम आई आंधी-बारिश सें एक गांव निवासी भाई-बहन की मौत हो गई। बारिश से बचने को वह खेत पर बनी झोपड़ी में जाकर छिप गए थे। आंधी से पास में लगा ट्रांसफार्मर झोपड़ी पर गिर गया। जिसके नीचे दबकर दोनों बच्चों की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ दातागंज ने मौका मुआयना किया।
थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी संतोष राठौर ने अपने खेत में मक्का की फसल की है। सोमवार शाम वह नलकूप से खेत में पानी लगा रहे थे। उनका बेटा विशेष (11) और बेटी अनामिका (3) संतोष राठौर के लिए खाने पीने का सामान लेकर गए थे। अचानक तेज आंधी आई। बच्चे पहले तो हवा का आनंद लेते रहे लेकिन फिर बारिश शुरू हो गई। बच्चे नलकूप की झोपड़ी में जाकर छिप गए। इसी दौरान नलकूप के लिए लगाया गया ट्रांसफार्मर मय खंभा झोपड़ी के ऊपर गिर गया। दोनों बच्चों की दबकर मौत हो गई। संतोष राठौर दौड़कर पहुंचे। बच्चों को बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनो दम तोड़ चुके थे। वह शवों को घर ले गए। सूचना मिलने पर दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज विनोद कुमार सिंह व तहसीलदार विजय शुक्ला पहुंचे। परिजनों से जानकारी की। तहसीलदार ने बताया कि हादसे में भाई बहन की मौत हुई थी।
