देवरनियां नगर पंचायत में विकास का महा-रोडमैप तैयार: 2 साल तक लगातार चलेंगे कार्य, चेयरमैन कलीम अंसारी के काम पर बोर्ड ने जताया भरोसा

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

देवरनियां, अमृत विचार: नगर पंचायत देवरनियां की बोर्ड बैठक में पूर्व में स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना का खाका तैयार किया गया। बैठक में सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कलीम अंसारी के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए विकास योजनाओं को गति देने पर जोर दिया।

मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सांसद छत्रपाल गंगवार के प्रतिनिधि राहुल गंगवार भी मौजूद रहे। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी अंकित गंगवार ने किया। इस दौरान पिछली बोर्ड बैठक में पारित विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी ने बताया कि इस बैठक में कोई नया प्रस्ताव पारित नहीं किया गया, क्योंकि पूर्व बैठक में ही इतने विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं जिनका क्रियान्वयन अगले दो वर्षों तक चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि तालाब सौंदर्यीकरण, देवरनियां रेलवे फाटक से मुंडिया जागीर तक लगभग दो किलोमीटर लंबी सीसी सड़क, मुंडिया जागीर तिराहे से पतवरा तालाब तक सीसी रोड, विभिन्न स्थानों पर नाला निर्माण, सेमीखेड़ा प्राथमिक विद्यालय में मिट्टी भरान तथा इंटरलॉकिंग जैसे कार्यों पर तेजी से काम चल रहा है। इनमें से लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिए जाएंगे।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि राहुल गंगवार ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए चेयरमैन और सभासदों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की।

इस दौरान सभासद कमलेश, बंटी कश्यप, भगत समेत अन्य सभासदों ने क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित से जुड़ी मांगों का मांगपत्र अधिशासी अधिकारी को सौंपा। चेयरमैन ने कहा कि उनके प्रयासों से पहली बार देवरनियां नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिला, जिसके बाद सरकार ने चार करोड़ रुपये का विकास बजट उपलब्ध कराया। कहा उनके लिए सबसे बडी चुनौती करीब डेढ दशक से खस्ताहाल देवरनियां-मुंडिया जागीर रोड का निर्माण कराना था, जिसे उन्होंने अपने वायदे के अनुसार पूरा किया।

बैठक में शकील, शमसुद्दीन, बंटी कश्यप, भगत, कमलेश, अमित, मोहम्मद जीशान, तहसीन बेग, रधवीर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Lucknow News: डॉ. अंबेडकर सामाजिक एकता मंच ने 27 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, समाजसेवियों और पत्रकारों को भी मिला 'लोक शक्ति सम्मान'
Kanwar Yatra 2026: मुजफ्फरनगर में ट्रैफिक प्लान लागू, 30 जुलाई से भारी वाहनों पर रोक, 4 से 12 अगस्त तक सभी वाहन प्रतिबंधित
Kanwar Yatra 2026: बागपत पुलिस की सख्ती, DJ की ऊंचाई-आवाज तय, हथियार और मॉडिफाइड साइलेंसर पर पूरी तरह रोक
Parliament Monsoon Session: लोकसभा में आज पेश होगा पेपर लीक संशोधन बिल, बांसुरी स्वराज-तेजस्वी सूर्या समेत कई सांसद रखेंगे पक्ष
पेपर लीक पर सरकार का बड़ा एक्शन! लोकसभा में आज पेश होगा सख्त विधेयक, 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ जुर्माने का प्रस्ताव