जनता दर्शन में सीएम योगी ने खिलाड़ियों को दिया भरोसा, 'पदक जीतिए, सरकार देगी सम्मान और नौकरी में प्राथमिकता'

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलें, पदक जीतें और प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियों में भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, तहसीलदार समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है। सीएम योगी ने कहा, "आप पदक जीतिए, सरकार आपको सम्मान के साथ नौकरी भी देगी, लेकिन इसके लिए पूरी मेहनत और समर्पण जरूरी है।"

पारिवारिक विवादों में संवाद से समाधान की अपील

जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने संबंधित पक्षों की काउंसिलिंग करते हुए कहा कि पारिवारिक मामलों का समाधान आपसी बातचीत और समझदारी से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निजी विवादों में बाहरी लोगों की अनावश्यक दखल से स्थिति और खराब हो जाती है, जिसका सबसे अधिक असर बच्चों के भविष्य पर पड़ता है।

लापरवाही पर अधिकारियों को सीएम की सख्त चेतावनी

जनता दर्शन के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने आईं। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से संबंधित मामलों की स्थिति और अधिकारियों को शिकायत दिए जाने के समय की जानकारी ली। मामलों के लंबित रहने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों से मिले सीएम योगी, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से उनका नाम और कक्षा पूछी, उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, चौथी मंजिल स्थित कैंटीन से उठीं लपटें

संबंधित समाचार