Bareilly News : सशक्त बूथ, जिम्मेदार यूथ…भाजपा महामंत्री संगठन ने दिए जीत के मंत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

धर्मपाल सिंह ने नाथनगरी की क्लास में 7 सांगठनिक जिलों के पदाधिकारियों को समझाई मिशन-2027 की रणनीति, सिखाया बाबा साहब का दर्शन

सर्किट हाउस, भाजपा कार्यालय, होटल में चले बैठकों के दौर, धर्मपाल बोले- बूथ और शक्ति केन्द्रों से निकलेगी जीत की राह, राज्य में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का दावा

बरेली, अमृत विचार। यूपी भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सोमवार को नाथ नगरी में बरेली मंडल के प्रमुख पदाधिकारियों की मैराथन बैठकें कर 2027 में जीत के लिए जोश भरा। सशक्त बूथ और डिजिटल योद्धा की भूमिका में जिम्मेदार यूथ की रणनीति समझाते हुए चुनावी विजय के मंत्र गिनाए।

महामंत्री संगठन ने सुबह से मंडल के बरेली जिला, महानगर, आंवला, शाहजहांपुर जिला व महानगर, बदायूं व पीलीभीत के सभी मंडल अध्यक्ष व जिलाध्यक्षों के साथ बैठक अलग-अलग बैठकें शुरू कीं, जो शाम तक जारी रहीं। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत का रोडमैप तैयार किया। शक्तिकेन्द्र संयोजकों, मंडल अध्यक्षों और अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों को '''अभेद्य बूथ व्यूह रचना''' और '''माइक्रोमैनेजमेंट'''' के गुर सिखाए। धर्मपाल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं का परिश्रम, अनुशासन, समयबद्धता और पूर्ण तैयारी की रणनीति ही पार्टी को दोबारा सत्ता में लाएगी। आगामी चुनाव में भाजपा केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों, ऐतिहासिक निर्णयों तथा विकास की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि विपक्ष जातीय वैमनस्य, झूठ और भ्रम के सहारे चुनाव लड़ने का प्रयास करेगा, जिसका जवाब कार्यकर्ताओं को तथ्यों और प्रमाणों के साथ देना होगा। अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर का दर्शन ही भाजपा की नीतियों का प्रेरणास्रोत है, जबकि कांग्रेस और सपा हमेशा से दलित व गरीब विरोधी रही हैं।

शक्तिकेन्द्रों को बनाया जाएगा अभियानों की धुरी
भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ और मंडल के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी शक्तिकेन्द्र है, जो संगठनात्मक गतिविधियों, अभियानों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की धुरी है। उन्होंने कार्य संस्कृति में बदलाव पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बैठक में डायरी के साथ उपस्थित हो और बूथ की गतिविधियों का सम्पूर्ण विवरण नियमित रूप से रजिस्टर में अंकित किया जाए। नियमित समीक्षा, सटीक योजना और सतत फॉलोअप ही संगठन की मजबूती का आधार है। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को उसकी क्षमता, योग्यता और अनुभव के आधार पर दायित्व सौंपा जाएगा, जिससे काम में गति आ सके।

विपक्ष के भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों से देंगे जोरदार जवाब
धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में आने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा 2027 का चुनाव डबल इंजन सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और विकास की उपलब्धियों के दम पर लड़ेगी। उन्होंने सतर्क किया कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह जातीय वैमनस्य, झूठ, भ्रम और षडयंत्र के सहारे चुनाव भटकाने का प्रयास करेगा। भाजपा के प्रशिक्षित, समर्पित व अनुशासित पदाधिकारी विपक्ष के प्रत्येक भ्रामक व नकारात्मक नैरेटिव का तथ्यों और प्रमाणों के साथ जमीनी स्तर पर प्रभावी उत्तर देकर उनके इरादों को पूरी तरह नाकाम करेंगे।

कापी-पेन लेकर एक-एक बात नोट करते दिखे पदाधिकारी
महामंत्री संगठन की क्लास में मौजूदा भाजपा के सभी पदाधिकारी उनकी एक-एक बात को कापी-पेंसिल लेकर नोट करते दिखे। सांगठनिक अभियानों में पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता तक सबकी भूमिका तय की गई और सबको अलग-अलग टास्क सौंपे गए। भाजपाई जीत में उसका माइक्रो मैनेजमेंट क्या होता है, संगठन महामंत्री की बैठकों में ने फिर ये कहानी साफ कर दी।

बैठकों में ये चेहरे रहे मौजूद
बरेली में हुई भाजपा की सांगठनिक बैठकों में प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल, क्षेत्रीय अध्य्क्ष पूरन लाल लोधी, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, ममता यादव, मेयर उमेश गौतम, शाहजहांपुर मेयर अर्चना वर्मा, जिला अध्य्क्ष सोमपाल शर्मा, बरेली महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, शाहजहांपुर महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, शाहजहांपुर जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, बदायूं जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता, पीलीभीत जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, राकेश अनावा, हर्षवर्धन आर्य आदि प्रमुख लीडर मौजूद रहे।

संबंधित समाचार