Delhi Protest: छात्र आंदोलन पर बॉलीवुड की चुप्पी पर भड़का ये एक्टर, कहा- समर्थन करना जरूरी
दिल्ली।अभिनेता और हास्य कलाकार वीर दास ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने लाइव प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए उनसे छात्रों के मुद्दों पर समर्थन देने की अपील की। वीर दास ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि जो कलाकार आज लोगों के मुद्दों पर चुप रहते हैं, उन्हें बाद में उन्हीं लोगों से अपने कार्यक्रमों में समर्थन और भागीदारी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने लिखा कि अगर कोई कलाकार लाइव परफॉर्म करता है तो उसे यह समझना चाहिए कि जनता के मुद्दों पर कुछ न बोलना और बाद में उन्हीं लोगों से कार्यक्रमों के लिए समर्थन मांगना उचित नहीं है। वीर दास ने कहा कि भारत की कॉन्सर्ट अर्थव्यवस्था युवाओं की भागीदारी और समर्थन पर निर्भर करती है। उन्होंने कलाकारों से अपील की कि वे छात्रों की चिंताओं को मंच देकर उनका साथ दे सकते हैं।
"यह राजनीति नहीं, छात्रों की चिंता का मुद्दा है"
वीर दास ने कहा कि कुछ लोग खुद को ‘राजनीतिक नहीं’ बताते हैं, लेकिन कई बार इसका मतलब यह होता है कि वे मौजूदा स्थिति से सहज हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों को उठाना किसी राजनीतिक दल का समर्थन करना नहीं है, बल्कि उनकी चिंताओं को सामने लाना है। गौरतलब है कि सोमवार को नई दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के बैनर तले ‘चलो संसद’ मार्च आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया गया था।
