KBC 18 और बिग बॉस के नए सीजन की तारीखों का ऐलान, अमिताभ बच्चन ने किया पोस्ट; सितंबर में 6 भाषाओं में लौटेगा बिग बॉस

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

नई दिल्ली/मुंबई: टेलीविजन के दो सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) और ‘बिग बॉस’ नए सीजन के साथ दर्शकों के बीच वापसी करने जा रहे हैं। अमिताभ बच्चन के होस्ट किए जाने वाले केबीसी के 18वें सीजन का प्रसारण 10 अगस्त से शुरू होगा, जबकि ‘बिग बॉस’ के छह अलग-अलग भाषाई संस्करण सितंबर से देशभर में लॉन्च किए जाएंगे।

10 अगस्त से शुरू होगा KBC का 18वां सीजन

अभिनेता अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए सीजन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस बार शो की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है। यह शो रात 9 बजे से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।

शो की नई थीम इस बात पर केंद्रित है कि मौजूदा दौर में केवल जानकारी होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही समय पर सही तरीके से उसका इस्तेमाल करना भी जरूरी है। कार्यक्रम से जुड़े प्रचार अभियानों में बताया गया है कि तकनीक और इंटरनेट के दौर में सूचनाएं आसानी से उपलब्ध हैं, लेकिन जरूरी है कि लोग जानकारी का विश्लेषण करें, आलोचनात्मक सोच विकसित करें और बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल सकें।

अमिताभ बच्चन वर्ष 2000 से ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के प्रस्तोता रहे हैं। हालांकि, वर्ष 2007 में प्रसारित तीसरे सीजन को अभिनेता शाहरुख खान ने होस्ट किया था। अमिताभ बच्चन जल्द ही फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल और ‘सेक्शन 84’ में भी नजर आएंगे। ‘सेक्शन 84’ में उनके साथ डायना पेंटी और निमरत कौर अहम भूमिकाओं में हैं।

सितंबर से छह भाषाओं में लौटेगा बिग बॉस

वहीं, रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ इस बार और बड़े स्तर पर दर्शकों के बीच आने वाला है। ‘जियो स्टार’ ने घोषणा की है कि शो के छह संस्करण हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला भाषाओं में सितंबर से प्रसारित किए जाएंगे। नए सीजन का प्रसारण जियो स्टार के टेलीविजन नेटवर्क पर होगा और इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर भी देखा जा सकेगा।

‘बिग बॉस’ के अलग-अलग भाषाई संस्करणों को इस बार कई बड़े चेहरे होस्ट करेंगे। हिंदी संस्करण की कमान सलमान खान संभालेंगे, जबकि तमिल में विजय सेतुपति, तेलुगु में नागार्जुन, कन्नड़ में किच्चा सुदीप, मलयालम में मोहनलाल और बांग्ला संस्करण में भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली प्रस्तोता की भूमिका निभाएंगे। कंपनी के अनुसार, वर्ष 2025 में ‘बिग बॉस’ के विभिन्न भाषाई संस्करणों को 50 करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंच मिली और इसे कुल 438 अरब मिनट से ज्यादा समय तक देखा गया। 

‘जियो स्टार’ ने इस मौके पर ‘इंडियाज बिग रियलिटी’ नाम की कॉफी टेबल बुक भी जारी की, जिसमें शो के दो दशक लंबे सफर, दर्शकों के जुड़ाव और मनोरंजन उद्योग पर इसके प्रभाव को दर्शाया गया है। मनोरंजन जगत के ये दोनों बड़े शो नए अंदाज और नई थीम के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। जहां KBC ज्ञान और सोच की ताकत पर जोर देगा, वहीं बिग बॉस अपने बहुभाषीय विस्तार के साथ रियलिटी टीवी का दायरा और बढ़ाएगा।

ये भी पढ़ें : 
Dhanush: नेशनल अवार्ड जीतने पर धनुष और ममूटी ने मनाया जश्न, ‘ओम’ के सेट पर काटा केक

 

संबंधित समाचार