FIFA Closing Ceremony : शकीरा, टॉम क्रूज और BTS का दिखेगा जलवा, फीफा फाइनल में टूटेगी दशकों की परंपरा
FIFA World Cup 2026 Final Halftime Show: फीफा वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में ऐतिहासिक बदलाव। सुपर बाउल स्टाइल हाफटाइम शो में जस्टिन बीबर और शकीरा जैसे सितारे बिखेर सकते जलवा, आईशोस्पीड की लाइव स्ट्रीमिंग से लेकर हॉलीवुड ग्लैमर तक, संगीत और फुटबॉल का होगा शानदार संगम
न्यूयॉर्क। फुटबॉल के सबसे बड़े मंच फीफा विश्व कप 2026 का समापन समारोह सिर्फ खेल का जश्न नहीं, बल्कि मनोरंजन की दुनिया का भी बड़ा उत्सव बनने जा रहा है। फीफा ने ऐलान किया है कि टूर्नामेंट के फाइनल से पहले होने वाले भव्य समारोह में संगीत, हॉलीवुड और डिजिटल दुनिया के कई बड़े सितारे अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
पोस्ट मालोन करेंगे मुख्य प्रस्तुति
फीफा के मुताबिक अमेरिकी रैपर और गायक पोस्ट मालोन समापन समारोह के मुख्य कलाकार होंगे। यह खास कार्यक्रम रविवार को होने वाले विश्व कप फाइनल मुकाबले से करीब 90 मिनट पहले आयोजित किया जाएगा। फीफा का कहना है कि समारोह का उद्देश्य तीन देशों में फैले 16 मेजबान शहरों और 48 टीमों के यादगार सफर का जश्न मनाना है।
टॉम क्रूज की खास एंट्री, आईशोस्पीड भी होंगे आकर्षण
इस समारोह में हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज भी विशेष उपस्थिति देंगे। टॉम क्रूज को इससे पहले पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह में अपने स्टंट के लिए काफी सराहना मिली थी। वहीं, मशहूर स्ट्रीमर आईशोस्पीड भी कलाकारों की सूची में शामिल हैं। उन्होंने विश्व कप के कई मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग कर फुटबॉल फैंस के बीच खास पहचान बनाई है।
दुनिया भर के संगीत सितारों का जमावड़ा
समापन समारोह में कई अंतरराष्ट्रीय संगीत सितारे भी अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें इटली की लोकप्रिय गायिका लौरा पौसिनी, टोनी अवॉर्ड विजेता और पुसीकैट डॉल्स की सदस्य निकोल शेर्जिंगर, ब्रिटिश गायक रॉबी विलियम्स और अन्य कलाकार शामिल हैं। वहीं अमेरिकी राष्ट्रगान की प्रस्तुति मशहूर गायिका जेनिफर हडसन देंगी।
फुटबॉल और मनोरंजन का ऐतिहासिक मेल
फीफा विश्व कप के मुख्य परिचालन अधिकारी हेइमो शिर्गी ने कहा कि उद्घाटन समारोह की तरह ही समापन समारोह भी संगीत, संस्कृति और फुटबॉल के जरिए दुनिया को जोड़ने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का शानदार समापन होगा, जिसके बाद विश्व कप चैंपियन का ताज पहनाया जाएगा।
पहली बार विश्व कप में हाफटाइम शो का भी होगा आयोजन
फीफा विश्व कप 2026 में एक और खास आकर्षण देखने को मिलेगा। रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले के दौरान टूर्नामेंट का पहला हाफटाइम शो भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई बड़े कलाकार प्रस्तुति देंगे। समापन समारोह का आयोजन बालिच वंडर स्टूडियो के साथ साझेदारी में किया जा रहा है। ऐसे में फुटबॉल फैंस को मैदान पर रोमांच के साथ-साथ सितारों से सजे मनोरंजन का भी शानदार अनुभव मिलने वाला है।
ये भी पढ़ें :
'मैं नहीं चाहता कि फुनसुख वांगड़ू की मौत हो', '3 इडियट्स' के चतुर 'साइलेंसर' रामलिंगम की ये बात जरूर सुनिए
