'मैं नहीं चाहता कि फुनसुख वांगड़ू की मौत हो', '3 इडियट्स' के चतुर 'साइलेंसर' रामलिंगम की ये बात जरूर सुनिए
दिल्ली। ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' में चतुर 'साइलेंसर' रामलिंगम का मशहूर किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता जताई है।
ओमी वैद्य ने लोगों से वांगचुक की स्थिति की ओर ध्यान देने की भावुक अपील करते हुए कहा है, "मैं नहीं चाहता कि फुनसुख वांगड़ू की मौत हो।" गौरतलब है कि फिल्म '3 इडियट्स' में आमिर खान द्वारा निभाया गया 'फुनसुख वांगड़ू' का मुख्य किरदार असल जिंदगी में सोनम वांगचुक से ही प्रेरित था।
https://twitter.com/pbhushan1/status/2076880549411746165?s=20
नीट (NEET) परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ अनशन पर हैं वांगचुक
सोनम वांगचुक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और धांधली को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वह 28 जून को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे, जिसके बाद से वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल (अनशन) पर बैठे हैं।
'चतुर' ने वीडियो जारी कर प्रशंसकों से की खास अपील
ओमी वैद्य ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो संदेश साझा कर देशवासियों का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर खींचा। वैद्य ने अपने चतुर वाले चिर-परिचित अंदाज में वीडियो की शुरुआत करते हुए कहा, "हैलो इडियट्स, पहचाना? मैं ओमी वैद्य हूं, '3 इडियट्स' का चतुर। मेरे पास आपके लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है। मैं आमतौर पर सोशल मीडिया पर ऐसा (वीडियो जारी) नहीं करता, इसलिए कृपया मेरी बात ध्यान से सुनें।"
वैद्य ने वांगचुक को एक बेहद "विनम्र" और "प्रभावशाली व्यक्ति" बताते हुए कहा, "वह काफी लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं और उनका ब्लड शुगर लेवल काफी नीचे चला गया है। यह एक बेहद महत्वपूर्ण मुद्दा है... शिक्षा व्यवस्था को लेकर उनके कुछ सरोकार हैं। चाहे आप उनके विचारों से सहमत हों या असहमत, लेकिन मैं नहीं चाहता कि उनकी मौत हो। मैं चाहता हूं कि वह जीवित रहें।"
8 किलो से ज्यादा घटा वजन, शुगर लेवल 67 पर पहुंचा
जंतर-मंतर पर अनशन स्थल के आयोजकों द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, भूख हड़ताल शुरू करने के बाद से अब तक सोनम वांगचुक का वजन 8.2 किलोग्राम कम हो चुका है। हाल ही में किए गए उनके मेडिकल चेकअप में डॉक्टरों ने पाया कि उनका रक्तचाप (Blood Pressure) 107/70 mmHg और ब्लड शुगर लेवल गिरकर 67 mg/dL पर आ गया है, जो सेहत के लिहाज से बेहद चिंताजनक है।
व्यस्त दिनचर्या से समय निकालने की मांग
ओमी वैद्य ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी व्यस्त दिनचर्या, ऑफिस के प्रोजेक्ट्स और घर की जिम्मेदारियों से कुछ मिनट का समय निकालकर यह समझने की कोशिश करें कि जंतर-मंतर पर क्या चल रहा है और वांगचुक किन बुनियादी मुद्दों को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब लोग इन समस्याओं को समझेंगे, तो शायद उन्हें महसूस होगा कि वे खुद भी रोजमर्रा की जिंदगी में ऐसी ही समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
