Bareilly News : बरेली नगर निगम की नई पहल, प्लास्टिक की हरी जालियों से सुरक्षित होंगे डिवाइडर के पौधे
लोहे के पुराने ट्री गार्डों की जगह लगाई जा रहीं जालियां, डेलापीर, बदायूं रोड समेत प्रमुख मार्गों को मिलेगा हरा-भरा लुक
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम ने शहर के प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों की सुंदरता बढ़ाने और पौधों को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण-अनुकूल पहल की शुरुआत की है। शहर के मुख्य रास्तों पर लगे पुराने, टूटे और जंग लगे लोहे के ट्री गार्डों को हटाया जा रहा है। उनकी जगह पर विशेष रूप से तैयार की गई खूबसूरत हरे रंग की प्लास्टिक की जालियां लगाई जा रही हैं।
इस योजना के तहत प्रथम चरण में डेलापीर रोड और बदायूं रोड जैसे व्यस्ततम मार्गों को शामिल किया गया है। कतारबद्ध तरीके से लगाई जा रही ये हरी जालियां शहर के मुख्य रास्तों को ग्रीन बेल्ट जैसा अहसास कराएंगी। डिवाइरों पर लग रहीं प्लास्टिक की ये जालियां हल्की, सुरक्षित और लचीली हैं, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न के बराबर रहेगी।
आवारा पशुओं से पौधों की सुरक्षा
नगर आयुक्त संजीव कुमार बताते हैं कि शहरी क्षेत्रों में डिवाइडरों पर रोपे गए पौधों के नष्ट होने का सबसे बड़ा कारण आवारा मवेशी होते हैं। लोहे के ट्री गार्ड नीचे से खुले होने के कारण छोटे पौधों को सुरक्षा नहीं दे पाते थे। नगर निगम की ओर से लगाई जा रही यह नई प्लास्टिक जाली बारीक और चारों तरफ से कवर्ड है। इससे पौधों की सुरक्षा शत-प्रतिशत सुनिश्चित होगी।
कम लागत में टिकाऊ और रिपेयरिंग का झंझट खत्म
लोहे के ट्री गार्ड न सिर्फ बेहद महंगे आते हैं, बल्कि बारिश के मौसम में उनमें जंग लगने से वे जल्दी टूट जाते हैं। उनकी वेल्डिंग और मरम्मत पर नगर निगम को हर साल भारी बजट खर्च करना पड़ता था। जबकि आधुनिक हरी प्लास्टिक जालियां बेहद किफायती हैं। इन पर न तो पानी का असर होता है और न ही धूप में इनका रंग फीका पड़ता है। टिकाऊ होने के साथ-साथ इन्हें मेंटेन करना भी आसान है, जिससे सरकारी धन की बड़ी बचत होगी।
