Hardoi News : हरदोई के रोमान अज़ीज को M.Tech में गोल्ड मेडल, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया सम्मानित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

शाहाबाद (हरदोई), अमृत विचार। हरदोई जिले के शाहाबाद निवासी सैय्यद रोमान अज़ीज ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के 24वें दीक्षांत समारोह में एम.टेक में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर उन्हें स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) से सम्मानित किया गया।

समारोह में विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रोमान अज़ीज को गोल्ड मेडल प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी और विशिष्ट अतिथि प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल भी मौजूद रहे।

राज्यपाल ने माता-पिता को भी मंच पर बुलाया

यह सम्मान समारोह उस समय और भी भावुक हो गया जब राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की विशेष पहल पर रोमान अज़ीज के माता-पिता सैय्यद साजिद और हुमैरा खातून को भी मंच पर आमंत्रित किया गया। राज्यपाल ने बेटे की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी, जिसके बाद पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

शाहाबाद के मोहल्ला खेड़ा बलायकोट निवासी 24 वर्षीय रोमान अज़ीज ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के अटूट विश्वास और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना अपने गृह जनपद हरदोई का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना है। रोमान ने बताया कि वह तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश की सेवा करना चाहते हैं और अपने ज्ञान का उपयोग देश के विकास में करना उनका प्रमुख लक्ष्य है।

19 जुलाई से शुरू करेंगे पीएचडी

दो भाइयों में से एक रोमान अज़ीज बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। एम.टेक में गोल्ड मेडल हासिल करने के बाद अब वह उच्च शिक्षा की दिशा में अगला कदम बढ़ाने जा रहे हैं। आगामी 19 जुलाई से वह जोधपुर के एक प्रतिष्ठित संस्थान में पीएचडी (Ph.D) की पढ़ाई शुरू करेंगे। रोमान अज़ीज की इस उपलब्धि से शाहाबाद सहित पूरे हरदोई जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

संबंधित समाचार