Bahraich News : सरयू नहर की माइनर कटने से डूबे सैकड़ों बीघे खेत, सिंचाई विभाग की सुस्ती पर भड़के पयागपुर के किसान
बहराइच, अमृत विचार। पयागपुर तहसील क्षेत्र के पटीहाट भट्टा के पास सरयू नहर शाखा की दपौली माइनर अचानक कटने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। माइनर का पानी तेजी से खेतों में फैलने के कारण सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। सबसे ज्यादा नुकसान धान की नर्सरी और रोपाई के कार्य को हुआ है। पानी के भारी जलभराव के चलते किसानों की खेती-किसानी पूरी तरह ठप हो गई है स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के दूसरे दिन भी सिंचाई विभाग की ओर से कटान को रोकने या उसकी मरम्मत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
किसानों ने बताया कि संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) महेंद्र को मामले की जानकारी तुरंत दे दी गई थी, लेकिन विभागीय सुस्ती के कारण पानी लगातार खेतों में भर रहा है क्षेत्र के पीड़ित किसानों राम जीवन, अखिलेश शुक्ला, लांघी, धनीराम, पोपल, पुत्तन, मंगल प्रसाद, संतोष कुमार और राम कुमार ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि अतिरिक्त पानी भरने से धान की रोपाई का समय निकला जा रहा है।
अगर समय पर पानी नहीं सूखा और नहर की मरम्मत नहीं हुई, तो हमारी पूरी मेहनत बर्बाद हो जाएगी और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा नहर कटने से परेशान और आक्रोशित किसानों ने सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों की मांग है कि युद्धस्तर पर कार्य कराकर माइनर के कटान को बंद किया जाए और खेतों से जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि समय रहते धान की रोपाई का काम दोबारा शुरू हो सके।
