यूपी की इस अफसर बेटी पर मां ने कराई FIR, बोलीं-"मेरे खाते में डाले घूस के 15 लाख रुपये"
हापुड़ की डीएसओ सीमा चौधरी के खिलाफ सहारनपुर में मुकदमा दर्ज
हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी पर उनकी मां मुनेश रानी ने गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। मुनेश रानी का आरोप है कि बेटी मेरी जमीन हड़पना चाहती है। मेरे बैंक खाते में उसने 15 लाख रुपये डलवाए हैं। यह काली कमाई है। खाते का संचालन भी मेरी जानकारी के बगैर किया जा रहा है।
अमृत विचार , लखनऊ : उत्तर प्रदेश से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक मां ने अपनी अफसर बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस आरोप के साथ कि बेटी ने उनके साथ धोखाधड़ी की और अब धमकी दे रही है। सहारनपुर पुलिस ने मां की तहरीर पर अधिकारी बेटी समेत 5 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
यह अफसर बेटी हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सीमा चौधरी हैं। सीमा चौधरी समेत 5 लोगों के खिलाफ उनकी मां मुनेश रानी ने गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
अपनी तहरीर में मुनेश रानी ने आरोप लगाया कि, उनकी बेटी सीमा चौधरी, राजेंद्र राणा, संजीव कुमार, गंभीर और नरेश ने मेरी जमीन कब्जाने की साजिश रची है। उनका आरोप है कि डीएसओ सीमा चौधरी ने मेरी जानकारी के बगैर मेरे बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा कराए हैं। उन्होंने कहा कि इस खाते का संचालन उनकी जानकारी के बगैर किया जा रहा है, जो खुद सीमा चौधरी करती हैं। खाते में डाले गए रुपयों को काली कमाई बताया है।
उन्होंने कहा कि सितंबर 2023 में आरोपियों द्वारा मेरी जमीन हड़पने का प्रयास शुरू किया गया। फर्जी कागजात तैयार किए। जाली हस्ताक्षर कराए।
जान से मारने की धमकी
मुनेश रानी ने बेटी पर और भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि सीमा चौधरी और अन्य सभी आरोपी अब उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने उनकी तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि इस मामले में अभी डीएसओ सीमा चौधरी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका बयान सामने आने पर खबर अपडेट की जाएगी। हालांकि एफआईआर दर्ज होने के बाद ये मामला अब तूल पकड़ गया है और हर कोई हैरान है कि मां और बेटी के बीच आखिर ये विवाद क्यों पैदा हो गया?
