राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड में बड़ा खुलासा : लवकुश ने पत्नी के नाम लिखाई बेशकीमती जमीन, तहसीलदार की कोर्ट से हुआ नामांतरण का आदेश
परत-दर-परत खुलती जा रही है लवकुश मिश्रा की कहानी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद आरोपी लवकुश मिश्रा द्वारा पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन का खुलासा हुआ है। दस्तावेजों में अलग-अलग पते मिलने से जांच तेज हो गई है।
अयोध्या, अमृत विचार : श्रीराम जन्मभूमि चढ़ावा चोरी के आरोपी जेल में बंद लवकुश मिश्रा ने अपनी पत्नी के नाम 16 अक्टूबर 2025 बेशकीमती जमीन का बैनामा करवाया है। यह बैनामा सहादतगंज स्थित पॉलिटेक्निक के समीप बनवीरपुर गांव में लिया गया है। इसका दाखिल खारिज सोहावल तहसील से तहसीलदार सोहावल की अदालत से हो चुका है।
श्रीराम जन्मभूमि में चढ़ावा चोरी में जेल जा चुके लवकुश मिश्रा की कहानी परत-दर-परत खुलती जा रही है। उसने अच्छा खासा मकान बनवाया है। उसके द्वारा खुद की पत्नी के नाम एक जमीन का बैनामा कराए जाने का खुलासा भी हुआ है। यह बैनामा को शहर से सटे बनवीरपुर गांव की बेशकीमती जमीन का हुआ है।
तहसीलदार सोहावल प्रदीप कुमार सिंह के द्वारा किए गए नामांतरण आदेश के मुताबिक लव कुश मिश्रा निवासी मीनापुर भगोली तहसील रुदौली जिला अयोध्या ने अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम बनवीरपुर गांव में गाटा संख्या 16 रकबा 0. 0380 हेक्टयर स्थित ग्राम बनवीरपुर तहसील सोहावल में 1024 वर्ग फुट का बैनामा करवाया है। बैनामा सोहावल तहसील के पूरे भग्गू कुंदरूखा खुर्द निवासी कमल स्वरूप सिंह से लिखवाया गया है।
बैनामा लिखवाए जाने के बाद इसके नामांतरण के लिए तहसीलदार सोहावल की अदालत में नामांतरण वाद संख्या 12911 सन 2025 दायर किया गया। यह नामांतरणवाद एक बार निरस्त कर दिया गया। निरस्त करने का कारण साक्ष्य न दिया जाना लिखा गया। इसके बाद 6 मार्च 2026 को तहसीलदार सोहावल के आदेश से कमल स्वरूप सिंह का नाम निरस्त करके लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा का नाम अंकित करने का आदेश हुआ है।
पुलिस के लिए जांच का विषय बना पता
चढ़ावा चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा के रिमांड पत्रावली में पुलिस ने जो पता दिया है उसमें उसका आवास ठाकुरान फगोली थाना कोतवाली रुदौली बताया गया है, जबकि लवकुश ने जो अपनी पत्नी के नाम बैनामा करवाया है उसमें पता मीनापुर फगोली दर्शित किया है। दोनों पते अलग-अलग क्यों दर्शाए गए हैं। यह भी पुलिस के लिए जांच का विषय है।
