राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड : चंपत राय से पुलिस ने की पूछताछ, ट्रस्टी कृष्ण मोहन का भी बयान दर्ज
पुलिस जल्द ही ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा व गोपाल राव से भी करेगी पूछताछ
अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले की जांच कर रहे विवेचक क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी व उनकी टीम ने सोमवार को शुरू से संदेह के घेरे में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार टीम ने चंपत राय को मंदिर परिसर में बुलाया वह करीब एक घंटे तक वीडियोग्राफी के मध्य उनसे पूछताछ की। यह भी बताया जा रहा है कि उनसे कुछ कागजातों पर हस्ताक्षर भी कराए गए हैं।
पुलिस ने मुकदमे के वादी ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन के भी बयान लिए। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इसकी न तो पुष्टि की न ही खंडन किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूछताछ में चंपत राय से घटना के संदर्भ में यह जानकारी ली गई कि उन्हें घटना की जानकारी कब व कैसे हुई। इसके बाद उन्होंने क्या निर्णय लिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज करने वाले ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन का बयान दिया। पुलिस इसकी पुष्टि भी करती है लेकिन यह नहीं बताया गया कि यह बयान उन्होंने पुलिस के समक्ष दिया है या वीडियो कॉलिंग या फोन के माध्यम से किया है।
संभावना जताई जा रही है कि अब इस मामले में संदिग्धों की सूची में सबसे ऊपर रहे ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र व मंदिर व्यवस्था के व्यवस्थापक गोपाल जी राव से भी पुलिस जल्द पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि मामले में एसआईटी ने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी को भी बयान दर्ज करने के लिए अयोध्या बुलाया था, लेकिन अभी वह अयोध्या नहीं पहुंचे। माना जा रहा है कि कोषाध्यक्ष होने के नाते उनका बयान अति महत्वपूर्ण हो सकता है।
एसबीआई की अयोध्या ब्रांच पहुंची पुलिस
मामले की जांच कर रही अयोध्या पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अयोध्या धाम शाखा में जांच पड़ताल की। पुलिस ने बैंक में कार्यरत अधिकारी व कर्मियों के नाम पता आदि की सूची भी बनाई। जिसके बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खातों से जुड़े पंजाब नेशनल व अन्य बैंकों में भी पुलिस पहुंची।
बताया जा रहा है कि पुलिस ट्रस्ट के खाते में मौजूद धनराशि और वहां की लॉकर में रखे गए सामान की भी जानकारी जुटा रही है। वहीं गिरफ्तार आठ आरोपियों के खाते भी इन्हीं बैंक में है। पुलिस ने इन सातों खातों का स्टेटमेंट भी लिया। अब पुलिस या पता लगाने का प्रयास करेगी कि उनके खातों में जो पैसे आए वह कहां से और किस स्रोत से आए। यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस ने बैंक के दो कर्मचारी को संदिग्ध पाया है वह उन्हें नोटिस भी दी है।
अब 6 जुलाई को होगी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक तारीख में बदलाव की जानकारी सामने आ रही है। पहले 11 जुलाई को बैठक किए जाने के लिए ट्रस्ट की तरफ से सदस्य विश्व तीर्थ प्रसन्नाचार्य के द्वारा आधिकारिक पुष्टि हुई थी। ट्रस्ट से सोमवार को मिली जानकारी के मुताबिक बैठक की तिथि में बदलाव करते हुए 6 जुलाई तय की है। इस बैठक में इस प्रकरण से जुड़े कई अन्य लोगों को भी शामिल किए जा सकता है। वहीं बताया जा रहा है कि एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट भी सम्मिट करने के बाद चंपतराय अपना पक्ष रखेंगे।
