प्रयागराज में अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- 'नजर नेशन पर नहीं, डोनेशन पर'

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अयोध्या चढ़ावा प्रकरण, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और 2027 के विजन को लेकर प्रयागराज में भाजपा पर साधा निशाना

प्रयागराज में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर अयोध्या चढ़ावा प्रकरण, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और गंगा सफाई को लेकर निशाना साधा। 2027 के लिए शिक्षा, रोजगार और निवेश पर सपा का विजन भी बताया।

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसकी प्राथमिकता देश नहीं, बल्कि चंदा और चढ़ावा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की "नजर नेशन पर नहीं, डोनेशन पर" है।

प्रयागराज में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और प्रसाद की कथित चोरी के मामले को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है और सरकार के कार्यकाल में हर स्तर पर लूट का माहौल बना हुआ है।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुई आग जैसी घटनाएं सुरक्षा मानकों की अनदेखी और भ्रष्टाचार का परिणाम हैं। इसके साथ ही उन्होंने गंगा की सफाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारी खर्च के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का फोकस शिक्षा, रोजगार और निवेश बढ़ाने पर है। उन्होंने प्रयागराज में आयोजित पार्टी के 'विजन इंडिया' कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे और निवेश को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

अखिलेश ने 2027 के लिए गिनाईं सपा की प्राथमिकताएं

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का लक्ष्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और निवेश आधारित विकास मॉडल तैयार करना है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में आयोजित 'विजन इंडिया' कार्यक्रम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और निवेश बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अखिलेश ने दावा किया कि यदि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएंगे, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा और प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देकर विकास की नई दिशा दी जाएगी।

यह भी पढ़ें:-

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: हाईकोर्ट में आज अहम सुनवाई, CBI जांच की मांग पर टिकी नजर; इस्तीफों में देरी पर भी उठे सवाल
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में वकीलों का बड़ा फैसला, नहीं करेंगे आरोपियों की पैरवी... नियम तोड़ने की दी ये सख्त चेतावनी

 

संबंधित समाचार