गोंडा में भंडारे और मोहर्रम के जुलूस को लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
गोंडा, अमृत विचार: कस्बा कटरा बाजार में मंगलवार को ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित भंडारे और मोहर्रम की सातवीं के जुलूस के मार्ग को लेकर दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलने पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता कर मामला शांत कराया।
कटरा बाजार कस्बे के हनुमानगढ़ी प्रांगण में हिंदू समुदाय की ओर से बड़े मंगल के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन किया गया था। इसी दौरान दूसरे समुदाय के लोग मोहर्रम की सातवीं का जुलूस लेकर उसी मार्ग से आगे बढ़ने की बात पर अड़ गए। भंडारे में शामिल युवकों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर जुलूस को बीच सड़क पर रोक दिया गया और नारेबाजी होने लगी। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान का रास्ता निकाला।
कस्बा निवासी जियाउल हक शाह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सातवीं का जुलूस निकाला जा रहा था, लेकिन भंडारे के कारण प्रशासन ने जुलूस को रोक दिया और भंडारे के समापन के बाद आगे बढ़ाने को कहा। वहीं हनुमानगढ़ी मंदिर के प्रबंधक राजू रस्तोगी ने बताया कि आपसी सहमति से निर्णय लिया गया है कि भंडारा समाप्त होने के बाद जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से निकाला जाएगा। प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति के बाद स्थिति सामान्य है। भंडारे के समापन के बाद जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें :
मनकापुर-अयोध्या रेलखंड पर बड़ा हादसा: मालगाड़ी से टकराया सांड़, बीच ट्रैक पर थमी रही ट्रेन
