घूसखोर पुलिसकर्मियों की अब खैर नहीं: देवीपाटन रेंज के DIG अशोक कुमार शुक्ला ने जारी किया एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर
गोंडा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति को आगे बढ़ाते हुए देवीपाटन रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार शुक्ला ने पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए एंटी करप्शन हेल्पलाइन को फिर से सक्रिय किया है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई पुलिसकर्मी किसी काम के बदले रिश्वत या घूस मांगता है तो उसकी शिकायत हेल्पलाइन पर करें। शिकायत की गोपनीय जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हुई थी शुरुआत
इस हेल्पलाइन की शुरुआत पूर्व आईजी अमित पाठक ने की थी। उनके कार्यकाल में शिकायतों के आधार पर कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन समेत अन्य कार्रवाई हुई थी। उनके तबादले के बाद इसके बंद होने की आशंका थी, लेकिन नवागत डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने इस व्यवस्था को जारी रखने का फैसला किया है।
.jpg)
भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे
पुलिस विभाग में रिश्वतखोरी को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। छोटे मामलों से लेकर अवैध मिट्टी खनन और हरे पेड़ों की कटान जैसे मामलों में भी पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के आरोप सामने आते रहे हैं। जिले में भ्रष्टाचार के कई मामलों में कार्रवाई भी हो चुकी है।
रंगे हाथ पकड़े गए दरोगा
धानेपुर और नवाबगंज थाने में तैनात रहे दरोगाओं को एंटी करप्शन टीम रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था को जारी रखा गया है, ताकि भ्रष्टाचार करने वालों पर कार्रवाई की जा सके।
गोपनीय रहेगी शिकायतकर्ता की पहचान
डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रिश्वत मांगने की शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना और आम लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत करना है। साथ ही लोगों से भ्रष्टाचार के मामलों की जानकारी देकर इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
ये भी पढ़ें:- गोंडा में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया वन दरोगा, एंटी करप्शन टीम ने किया गिरफ्तार
