अलीगंज अग्निकांड की तह तक पहुंचने में जुटी एसआईटी, घटनास्थल और घायलों से जुटाए साक्ष्य, एफएसएल टीम ने भी लिए नमूने

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कई विभागों और संबंधित लोगों से पूछताछ, सात दिन में सौंपी जाएगी रिपोर्ट

लखनऊ, अमृत विचार। अलीगंज कोचिंग अग्निकांड की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मंगलवार को घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और इसके बाद केजीएमयू में भर्ती घायलों से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। अपर मुख्य सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) अमृत अभिजात और एडीजी (लखनऊ जोन) प्रवीण कुमार की दो सदस्यीय एसआईटी सुबह घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने करीब एक घंटे तक जली हुई इमारत, निकास मार्ग, विद्युत व्यवस्था और अन्य पहलुओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

एसआईटी ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से एकत्र किया जा रहा है और घायलों से मिली जानकारी के आधार पर कई लोगों और संबंधित विभागों से पूछताछ की जाएगी। जांच के बाद रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।

एडीजी प्रवीण कुमार ने कहा कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दायरे में घटना से जुड़े सभी विभागों की भूमिका शामिल की गई है और निर्धारित समयसीमा के भीतर रिपोर्ट शासन को सौंप दी जाएगी।

एफएसएल ने जुटाए अहम नमूने

फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) के निदेशक आदर्श कुमार के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से जले हुए विद्युत उपकरण, तार, मलबा और अन्य नमूने एकत्र किए हैं। इनकी वैज्ञानिक जांच से आग लगने के कारणों और उसके तेजी से फैलने की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलेगी।

अब तक की कार्रवाई
  • मुख्यमंत्री के निर्देश पर दो सदस्यीय एसआईटी गठित।
  • एसआईटी को सात दिन में रिपोर्ट सौंपनी है।
  • घटनास्थल का निरीक्षण और घायलों से पूछताछ शुरू।
  • अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी।
  • चार अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।

संबंधित समाचार