सोनभद्र: घाघरा नदी पुल निर्माण में देरी पर डीएम सख्त, ठेकेदार पर 20 लाख रुपये का जुर्माना
सोनभद्र, अमृत विचार। पटवध-बसुहारी मार्ग पर घाघरा नदी पर बन रहे पुल के निर्माण में देरी और लापरवाही पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ी नाराजगी जताई है। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को फटकार लगाते हुए 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य को 50 दिनों के भीतर पूरा करने का आदेश दिया है।
धीमी प्रगति पर नाराजगी
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने घाघरा नदी पर निर्माणाधीन सेतु, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कार्य की रफ्तार बेहद धीमी पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार ने पहले 20 जून तक गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद तय समय पर काम पूरा नहीं हो सका।
ठेकेदार पर लगा जुर्माना
निर्माण कार्य में शिथिलता और लापरवाही को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार मेसर्स परीक्षित निर्माणक पर 20 लाख रुपये की लिक्विडेटेड डैमेज (एलडी) पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। यह राशि ठेकेदार के आगामी भुगतानों से काटी जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
12 अगस्त तक पूरा होगा काम
बैठक में ठेकेदार ने 24 जून से अगले 50 दिनों के भीतर, यानी 12 अगस्त तक पुल निर्माण का पूरा कार्य समाप्त करने का भरोसा दिया। इसके लिए विस्तृत साप्ताहिक कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि आगे भी कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो भुगतान में और कटौती समेत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- बाराबंकी: बेटे की हत्या के मामले में दो सगे भाइयों को 10-10 साल की सजा, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बड़ा फैसला
