Barabanki News: बाराबंकी के दो लापता युवकों के शव मिले, बंकी के तालाब और लखनऊ की इंदिरा नहर के पास मिली बॉडी

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में अलग-अलग मामलों में लापता हुए दो युवकों के शव मिलने से परिवारों में मातम छा गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बे में तीन दिन से लापता युवक का शव बरखरा तालाब में मिला, जबकि मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र से गायब युवक का शव लखनऊ में इंदिरा नहर के पास बरामद हुआ। दोनों मामलों में मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

तालाब में मिला गुफरान का शव

बंकी कस्बा निवासी 25 वर्षीय गुफरान फॉल्स सीलिंग का काम करता था। काम के सिलसिले में वह अक्सर दो-तीन दिन तक घर से बाहर रहता था, इसलिए शुरू में परिजनों को कोई आशंका नहीं हुई। बुधवार सुबह बरखरा तालाब में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पहुंचे छोटे भाई अब्दुल रहमान ने शव की पहचान गुफरान के रूप में की। तीन दिन से लापता गुफरान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

सूचना मिलने पर पहुंचा परिवार

मृतक के छोटे भाई अब्दुल रहमान ने बताया कि बुधवार सुबह तालाब में एक अज्ञात शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान गुफरान के रूप में हुई। तीन दिनों से उसके लापता होने की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

किसान पथ पर मिली थी बाइक

वहीं, मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के निवासी पवन कुमार के 25 वर्षीय बेटे रचित कुमार उर्फ सीलू अपनी विवाहित बहन शिवानी के साथ लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में रहकर निजी नौकरी करते थे। 23 जून को वह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल की अंतिम लोकेशन किसान पथ पर मिली। परिजनों के पहुंचने पर बाइक और मोबाइल बाइक की डिग्गी में मिले, लेकिन रचित का कोई सुराग नहीं मिला था।

इंदिरा डैम के पास मिला शव

पुलिस की तलाश के बीच बुधवार शाम रचित कुमार का शव लखनऊ में इंदिरा नहर स्थित डैम के पास बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों मामलों में मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:- Barabanki News: बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया का सरकार पर हमला, बोले- पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खतरे में

संबंधित समाचार