उन्नाव में बोले सीएम-आर्थिक मंदी और ऊर्जा संकट के बीच भारत की ओर आशा-विश्वास के साथ देख रही दुनिया

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीब व्यक्ति सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाते-लगाते थक जाता था, लेकिन उसे मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पाती थीं। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, उज्ज्वला योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सीधे पहुंच रहा है।

अमृत विचार, उन्नाव। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और प्रदेश दोनों नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया आर्थिक मंदी और ऊर्जा संकट से जूझ रही थी, तब भारत ने मजबूत नेतृत्व और प्रभावी प्रबंधन के दम पर दोनों चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया। यही कारण है कि आज दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है।

उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा सरकार की प्राथमिकता हैं। इन्हीं वर्गों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जा रही हैं और उनका लाभ बिना भेदभाव के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित किया जा रहा है।अब सिफारिश और बिचौलियों का दौर समाप्त हो चुका है।


खर-दूषण निपटना जानती है प्रदेश की नारी


प्रदेश में आज किसी का भय नहीं है। नारी शक्ति इतनी सक्षम है कि वह खर-दूषण और चंड-मुंड जैसे दुष्टों से भी निपटना जानती है। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का वातावरण मिला है।

CM Meeting in Unao
उन्नाव में आयोजित जनसभा में उपस्थित लोग।

 

विपक्ष पर हमलावर

अपने राजनीतिक संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने केवल परिवारवाद को बढ़ावा दिया। कांग्रेस जहां केवल एक परिवार तक सीमित रही, वहीं समाजवादी पार्टी की सोच भी एक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती रही। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने गरीबों, किसानों और युवाओं की समस्याओं को कभी गंभीरता से नहीं लिया। 

 

माफियाराज खत्म, विकास है पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश को दंगों, कर्फ्यू और माफिया राज की पहचान दी थी, वे आज विकास और कानून व्यवस्था पर उपदेश देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब दंगा मुक्त वातावरण है और सभी त्योहार शांति एवं सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था मजबूत होने के कारण आज निवेशक उत्तर प्रदेश में आ रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख इंजन बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।


लखनऊ से उन्नाव होकर कानपुर तक रैपिड रेल


सीएम ने देश की पहली रैपिड रेल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली से मेरठ तक रैपिड रेल सेवा शुरू हो चुकी है। इसी तर्ज पर लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल चलाने की दिशा में प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई गति देगी और लाखों लोगों की दैनिक यात्रा को आसान बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव मां गंगा की कृपा से समृद्ध भूमि है। गंगा एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर, नए पुल, रैपिड रेल और औद्योगिक निवेश जैसी परियोजनाएं जिले को नई पहचान देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में उन्नाव प्रदेश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले जिलों में शामिल होगा।


प्रदेश के 25 करोड नागरिक उनका परिवार


अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए उत्तर प्रदेश ही परिवार है और प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक परिवार के सदस्य हैं। इसी भावना के साथ सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां आने वाली कई पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने का काम कर रही हैं।

संबंधित समाचार