प्रयागराज : आंधी-तूफान के बाद लालापुर-घूरपुर मार्ग बाधित, हाईटेंशन लाइन टूटने से कई गांवों में ब्लैकआउट
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में लालापुर-घूरपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम तेज आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया। इस घटना से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जबकि अमिलिया सहित आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। जानकारी के अनुसार, यह घटना मा. शिवकुमारी शुक्ला इंटर कॉलेज के मुख्य गेट के सामने हुई।
तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से टूटा हाईटेंशन तार
पेड़ गिरने से लालापुर-घूरपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस मार्ग से अमिलिया, नौडिया तरहार, महेरा, नागनपुर, पंचवर, मानपुर और कचरा सहित कई गांवों का आवागमन होता है। पेड़ गिरने के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन भी टूट गई, जिसके कारण अमिलिया, नौडिया तरहार, सेमरी, महेरा, माझियारी, नागनपुर और पंचवर समेत लगभग एक दर्जन गांवों में बुधवार रात से बिजली आपूर्ति बंद है।
12 गांवों की बिजली गुल
भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे ग्रामीणों के सामने पानी का संकट उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के 15 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और न ही प्रशासन द्वारा सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने की कोई प्रभावी कार्रवाई की गई है।
बिजली और पानी संकट से बेहाल हुए ग्रामीण
परिणामस्वरूप मुख्य मार्ग अब भी बंद पड़ा है। मार्ग अवरुद्ध होने से ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए 10 से 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे लोगों में प्रशासन और बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने तथा टूटी विद्युत लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
