देश के टॉप स्वच्छ और हरित स्कूलों में यूपी के 11 परिषदीय विद्यालय, केंद्र ने जारी की लिस्ट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 में 11 स्कूलों ने बनाई जगह

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों ने स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 में प्रदेश के 11 विद्यालयों का चयन हुआ है। 

इनमें छह परिषदीय विद्यालय, दो कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) तथा अन्य श्रेणी के विद्यालय शामिल हैं। इस रेटिंग प्रक्रिया में देशभर के 1.69 लाख से अधिक विद्यालयों ने भाग लिया था, जिनमें से केवल 191 विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर पर स्थान मिला। इनमें उत्तर प्रदेश के 11 विद्यालयों की उपस्थिति को राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

विद्यालयों का मूल्यांकन स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट प्रबंधन, हरित परिसर और सामुदायिक सहभागिता जैसे मानकों के आधार पर किया गया। सीमित संसाधनों के बावजूद परिषदीय विद्यालयों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। विद्यालयों ने पहले स्वयं मूल्यांकन किया, जिसके बाद जिला और राज्य स्तर पर सत्यापन तथा पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया से गुजरते हुए अंतिम चयन किया गया। 

पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। बेसिक शिक्षा विभाग ने राज्य के शीर्ष 20 विद्यालयों को सम्मानित करने की घोषणा की है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि अन्य विद्यालयों को भी स्वच्छ, हरित और बेहतर शैक्षिक वातावरण विकसित करने के लिए प्रेरित करेगी।

इन विद्यालयों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन

चयनित विद्यालयों में संभल का प्राथमिक विद्यालय इटालिया माफी (रैंक 12), पीलीभीत का प्राथमिक विद्यालय चोखापुर (रैंक 25), चित्रकूट का पीएमवी कन्या गंछापा (रैंक 27), बरेली का प्राथमिक विद्यालय सहजनी (रैंक 29), बदायूं का कंपोजिट विद्यालय आमगांव (रैंक 36) तथा सहारनपुर का उच्च प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर लबदौला (रैंक 55) शामिल हैं। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में श्रावस्ती का केजीबीवी हरिहरपुर रानी (रैंक 9) और जालौन का केजीबीवी कोंच (रैंक 14) ने भी राष्ट्रीय सूची में स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा प्रयागराज का एयरफोर्स स्कूल मनौरी, वाराणसी का जवाहर नवोदय विद्यालय गजोखर तथा मेरठ की दयावती मोदी अकादमी-1 (निजी विद्यालय श्रेणी में चौथा स्थान) भी चयनित हुए।

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ की भीषण गर्मी में छूटे खिलाड़ियों के पसीने, 42 डिग्री की तपिश में अफगानी बल्लेबाज को छोड़ना पड़ा मैदान

संबंधित समाचार