Auraiya News : विवाद के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, परिजनों में मचा कोहराम
औरैया के अजीतमल क्षेत्र में पत्नी और पिता से विवाद के बाद 38 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी बच्चों के साथ रिश्तेदार के घर चली गई थी। देर रात युवक का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
औरैया, अमृत विचार। औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर लालपुर गांव में मंगलवार रात पत्नी और पिता से विवाद के बाद 38 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाहपुर लालपुर निवासी तेज सिंह मंगलवार रात करीब नौ बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचने पर पत्नी संगीता और पिता से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर तेज सिंह ने पत्नी और पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे घबराकर पत्नी संगीता अपने दोनों बेटों दिव्यांशु (15) और दीपांशु (10) को लेकर गांव में ही एक रिश्तेदार के घर चली गई। तेज सिंह के पिता भी घर से बाहर चले गए।
देर रात फंदे पर लटका मिला शव
बताया गया कि काफी देर तक गाली-गलौज करने के बाद तेज सिंह घर के बाहर बने कमरे में चला गया। देर रात पत्नी और बच्चे घर लौटे तो उन्होंने तेज सिंह को पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
जानिए क्या बोले कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
