नई जिम्मेदारी मिलते ही गोवर्धन पहुंचे BJP महासचिव बिप्लव देब, पत्नी संग किया रुद्राभिषेक; शंकराचार्य से बंद कमरे में हुई लंबी चर्चा
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब पत्नी त्रिवेणी राव देब के साथ गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचे। उन्होंने रुद्राभिषेक किया और शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ महाराज से आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच बंद कमरे में लंबी चर्चा भी हुई।
मथुरा, अमृत विचार। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब बुधवार को अपनी पत्नी व अभिनेत्री त्रिवेणी राव देब के साथ गोवर्धन पहुंचे। राष्ट्रीय महासचिव की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अपने पहले दौरे पर पहुंचे बिप्लव देब ने शंकराचार्य आश्रम में वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक किया।
पत्नी संग किया रुद्राभिषेक
आश्रम पहुंचने के बाद बिप्लव कुमार देब और उनकी पत्नी ने वैदिक रीति-रिवाज से धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। उन्होंने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ रुद्राभिषेक किया और भगवान का आशीर्वाद लिया।
शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद
अनुष्ठान के बाद बिप्लव देब ने शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ महाराज का माल्यार्पण कर पूजन किया। इसके बाद उन्होंने शंकराचार्य का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच बंद कमरे में काफी देर तक एकांत में बातचीत भी हुई। शंकराचार्य ने बिप्लव देब को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
दो माह के प्रवास पर हैं शंकराचार्य
गौरतलब है कि गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ महाराज इन दिनों दो माह के प्रवास पर हैं। उनके प्रवास के दौरान आश्रम में लगातार धार्मिक अनुष्ठान और रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।इन धार्मिक आयोजनों में देश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है।
यह भी पढ़ेंः बस हादसों के पीड़ितों का सहारा बनी ‘यात्री राहत योजना’, 9 साल में 17.33 करोड़ से ज्यादा की सहायता
