Shahjahanpur News : शाहजहांपुर के ध्रुव की डिजिटल उड़ान, ‘इनवीजिया एक्स’ किया लॉन्च
शाहजहांपुर के मिर्जापुर के रहने वाले ध्रुव ने तैयार किया सोशल मीडिया प्लेटफार्म इनवीजिया
एप के फाउंडर ध्रुव प्रताप सिंह ने बताया कि वर्षों की मेहनत के बाद इस सोशल मीडिया प्लेटफार्म को आमजन के लिए उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि एप को तैयार करते समय उपयोगकर्ताओं की प्राइवेसी और डाटा सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उनका प्रयास है कि देश के लोगों को एक बेहतर और सुरक्षित स्वदेशी सोशल मीडिया प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जा सके।
अमृत विचार : शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर के रहने वाले छात्र ध्रुव प्रताप सिंह ने आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए भारत का अपना स्वदेशी सोशल मीडिया एप ‘इनवीजिया एक्स’तैयार किया है। बरेली स्थित फ्यूचर यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में विधायक हरिप्रकाश वर्मा, वीर विक्रम सिंह प्रिंस, दिल्ली एमसीडी की स्थायी समिति के सदस्य एवं भाजपा युवा मोर्चा दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शशि यादव तथा यूनिवर्सिटी के चेयरमैन मुकेश गुप्ता की उपस्थिति में ‘इनवीजिया एक्स’ को प्ले स्टोर पर लॉन्च किया गया।
इस दौरान एप के फाउंडर ध्रुव प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने कई वर्षों की मेहनत के बाद इस सोशल मीडिया प्लेटफार्म को आमजन के लिए उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि एप को तैयार करते समय उपयोगकर्ताओं की प्राइवेसी और डाटा सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उनका प्रयास है कि देश के लोगों को एक बेहतर और सुरक्षित स्वदेशी सोशल मीडिया प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जा सके।
यूनिवर्सिटी के चेयरमैन मुकेश गुप्ता ने कहा कि ‘इनवीजिया एक्स’ आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा तकनीक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और स्वदेशी डिजिटल प्लेटफार्म तैयार कर देश को नई दिशा दे रहे हैं।
क्या खास है इस एप में जानिए
इनवीजिया एक्स एप में उपयोगकर्ता की गोपनीयता को केवल एक फीचर नहीं, बल्कि पूरे प्लेटफॉर्म की मूल अवधारणा का हिस्सा बनाया गया है।- इनवीजिया एक्स एप में निजी एवं संवेदनशील डिजिटल सामग्री की सुरक्षा को बढ़ाने के लिए स्क्रीनशॉट ब्लॉकिंग जैसी सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है।
- एप उपयोगकर्ता के महत्वपूर्ण डेटा और संचार की सुरक्षा के लिए एन्क्रिप्शन को प्लेटफॉर्म की सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
- एप का उद्देश्य ऐसा अनुभव देना है जिसमें उपयोगकर्ता को अपने फीड और डिजिटल अनुभव पर अधिक नियंत्रण मिले, न कि पूरा अनुभव केवल स्वचालित अनुशंसा प्रणाली पर निर्भर हो।
- इनवीजिया एक्स एप प्लेटफॉर्म का दृष्टिकोण यह है कि सोशल मीडिया का उपयोग करने के लिए उपयोगकर्ता को अपनी निजता से अनावश्यक समझौता नहीं करना चाहिए।
- इनवीजिया एक्स एप सोशल मीडिया के सार्वजनिक पहलू के साथ-साथ निजी बातचीत और व्यक्तिगत डिजिटल सामग्री की सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
- एप के फीचर्स को केवल अधिक समय तक उपयोगकर्ता को प्लेटफॉर्म पर बनाए रखने के बजाय सुरक्षा, नियंत्रण और उपयोगिता को ध्यान में रखकर विकसित करने का लक्ष्य है।
- इनवीजिया एक्स एप भारतीय डिजिटल उपयोगकर्ताओं की जरूरतों, व्यवहार और तेजी से बदलते सोशल मीडिया वातावरण को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है।
- इनवीजिया एक्स का लक्ष्य केवल एक और सोशल नेटवर्क बनना नहीं, बल्कि सोशल कनेक्टिविटी के साथ सुरक्षा और गोपनीयता को एक ही अनुभव में जोड़ना है।
- इनवीजिया एक्स का मूल विचार यह है कि प्लेटफॉर्म पर उपयोगकर्ता केवल डेटा या ट्रैफिक का स्रोत न होकर अपने डिजिटल अनुभव का वास्तविक नियंत्रक बने।
