Good News : जौनपुर में जफराबाद को बड़ा तोहफा! 12 नई सड़कों को मिली मंजूरी, गांवों-बस्तियों की बदलेगी सूरत

Amrit Vichar Network
On

जौनपुर के जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में 12 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 10.59 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों, किसानों, छात्रों और आम लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले के जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र की 12 महत्वपूर्ण सड़कों के नव निर्माण के लिए कुल 10 करोड़ 59 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

शासन से मंजूरी मिलने के बाद इन सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है। जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय ने बुधवार को एक न्यूज एजेंसी से कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों और बस्तियों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़कों के निर्माण से ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होगा और जर्जर रास्तों की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

सड़क-बिजली-पानी पर फोकस

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी समेत बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए शासन और संबंधित विभागों के समक्ष क्षेत्र की जरूरतों को रखा जा रहा है। स्वीकृत कार्यों में विभिन्न गांवों और बस्तियों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली संपर्क सड़कों का निर्माण तथा आवश्यक अनुरक्षण कार्य शामिल हैं।

विकास को मिलेगी नई रफ्तार

इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। 12 सड़कों के लिए मिली 10.59 करोड़ रुपये की स्वीकृति को जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- Hardoi News: तालाब की जमीन पर कब्जा पड़ा भारी, तहसीलदार ने बेदखली के साथ लगाया 4,360 का जुर्माना

 

संबंधित समाचार