तेज रफ्तार का कहर : बाइक सवार किशोर और बैल की भीषण टक्कर, दोनों की मौत
तेज रफ्तार बाइक को देख रस्सी तोड़ सड़क पर आया था बैल
बाइक पर सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल
जमुनहा (श्रावस्ती), अमृत विचार : हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात बदला गिरंट मार्ग पर जयपत्तरपुरवा के पास तेज रफ्तार बाइक की बैल से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार किशोर व बैल की मौत हो गई, जबकि दो किशोर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम बभनपुरवा निवासी साहिल खान (15) पुत्र समीउल्लाह खान मंगलवार को बदला चौराहे पर बारावफात का जुलूस देखने गया था। वहाँ से देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था। इस दौरान बाइक पर उसके साथ थाना क्षेत्र के ग्राम देवरनिया के मजरा लम्बुइया निवासी अमजद खान (12) व साहिल खान (8) पुत्र जाहिद अली भी था। जैसे ही साहिल खान बाइक लेकर बदला-गिरंट मार्ग स्थित जयपत्तरपुरवा गाँव के पास पहुंचा, तभी सड़क किनारे बंधा एक बैल बाइक सवार के हाथ में झंडा देख अचानक रस्सी तोड़कर सड़क पर आ गया। बाइक सवार कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक बैल से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहिल खान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अमजद खान व साहिल खान घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। हादसे में बैल की भी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद मृतक किशोर के परिवार में कोहराम मच गया।
