निम्स विश्वविद्यालय के हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदकर BTech छात्र ने दी जान, लखनऊ का रहने वाला था आदित्य
जयपुर स्थित निम्स विश्वविद्यालय के हॉस्टल में लखनऊ निवासी बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य तिवारी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार छात्र की मौत हॉस्टल की 15वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई। पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद किया है और मामले की जांच जारी है।
जयपुर/लखनऊ, अमृत विचार। जयपुर-दिल्ली राजमार्ग पर स्थित निम्स विश्वविद्यालय के छात्रावास की 15वीं मंजिल से कथित तौर पर कूदकर बीटेक प्रथम वर्ष के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी आदित्य तिवारी के रूप में हुई है।
आदित्य तिवारी बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था और विश्वविद्यालय के छात्रावास में दो अन्य छात्रों-मयंक यादव और अंकित सिंह के साथ एक कमरे में रहता था। सिंह के अनुसार, पुलिस को मंगलवार रात करीब 8.30 बजे घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
घटना के समय कमरे में मौजूद नहीं थे दोनों रूममेट
घटना के समय आदित्य तिवारी के दोनों रूममेट कमरे में मौजूद नहीं थे और परिसर से बाहर गए हुए थे। पुलिस के अनुसार, तिवारी पिछले दो दिनों से कॉलेज भी नहीं गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि छात्र का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, लेकिन फोन लॉक होने के कारण उसकी जांच नहीं की जा सकी है। मामले की जांच की जा रही है।
दो दिन से कॉलेज नहीं गया था आदित्य
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र आदित्य तिवारी पिछले दो दिन से कॉलेज नहीं जा रहा था। दोस्तों को वह यही कहता था कि उसकी तबीयत नासाज है। ऐसे में कॉलेज नहीं जा पा रहा। हालांकि कॉलेज नहीं जाने के स्पष्ट कारण क्या है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। थाना प्रभारी राजबीर सिंह का कहना है कि निम्स प्रबंधन से जुड़े लोगों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे ताकि यह पता चल सके कि आदित्य पिछले दो दिन से कॉलेज क्यों नहीं जा रहा था। पुलिस को आदित्य का मोबाइल मिला है हालांकि वह लॉक है। जांच के बाद आगे के सुराग जुटाने के प्रयास किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- Hardoi News: तालाब की जमीन पर कब्जा पड़ा भारी, तहसीलदार ने बेदखली के साथ लगाया 4,360 का जुर्माना
