लखनऊ, बरेली और बाराबंकी में बदलेंगे पुराने स्मार्ट मीटर, उपभोक्ताओं से नहीं लिया जाएगा कोई शुल्क

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ, बरेली और बाराबंकी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। इन तीनों जिलों में पहले से स्थापित पोस्टपेड ईईएसएल मेक स्मार्ट मीटरों के संचालन एवं रखरखाव की अनुबंध अवधि समाप्त होने वाली है। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत पुराने स्मार्ट मीटरों को बदलकर नए आधुनिक पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। बिजली विभाग के अनुसार, मीटर बदलने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इस कार्य को कार्यदायी संस्थाएं मैसर्स इंटेलस्मार्ट और मैसर्स पोलारिस की ओर से संचालित किया जा रहा है। 

उपभोक्ताओं से नहीं लिया जाएगा कोई शुल्क

विभाग ने साफ किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप आयोजित कराई जाएगी। सबसे मुख्य बात यह है कि स्मार्ट मीटर बदलने के लिए उपभोक्ताओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं को कोई अतिरिक्त औपचारिकता भी पूरी नहीं करनी होगी। विभागीय टीम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुराने मीटर हटाकर नए मीटर स्थापित करेगी। 

मध्यांचल डिस्कॉम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मीटर प्रतिस्थापन कार्य के दौरान तकनीकी दल का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे समय पर बिलिंग सुनिश्चित होगी और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।

संबंधित समाचार