कन्नौज में पुलिस कर्मियों ने लगाए पौधे, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिया संरक्षण का संदेश
कन्नौज। सौरिख कन्नौज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सौरिख थाना प्रभारी निरीक्षक जयंती प्रसाद गंगवार द्वारा पुलिस कर्मियों के आवास के बाहर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कन्नौज के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना परिसरों एवं थाना क्षेत्रों के चयनित स्थलों पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान सौरिख थाने के पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण एवं हरित कन्नौज के निर्माण का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कन्नौज ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया इस मौके पर कांस्टेबल गोविंद राठौर अजय सिंह दिलीप चौहान नीरज आदि पुलिस कर्मियों ने भी पौधा रोपण किया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
3.jpg)
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय समाज सशक्तिकरण संगठन द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय छिबरामऊ पश्चिमी में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सभासद नरेंद्र शर्मा ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। नरेंद्र शर्मा ने कहा कि पर्यावरण में बढ़ते असंतुलन को दूर करने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की आवश्यकता है। संगठन द्वारा विद्यालयों, गांवों तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस दौरान विजय कुमार, मुनीश गुप्ता, संदीप शर्मा, राजीव गुप्ता, अखिलेश यादव, अभिषेक सिंह, प्रदीप शर्मा एवं कुलदीप यादव सहित कई लोगों ने सहयोग किया।
पौधरोपण कर दिया संरक्षण का संदेश
3.jpg)
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फर्रुखाबाद रोड स्थित सेंट मारिया विद्यालय में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कृष्णा फाउंडेशन के प्रबंधक रन्जू सिंह लकी ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पेड़ लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने, पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को अपनाने तथा पानी और बिजली की बर्बादी रोकने की अपील की। साथ ही सभी से कम से कम पांच पौधे लगाने और धरती को हरा-भरा बनाने में योगदान देने का आग्रह किया गया। इस दौरान चेयरमैन सर विकास अवस्थी, सीमा चतुर्वेदी, सत्येन्द्र पाल, उर्मिला पाल, लटूरी पाल और रतिका सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
