मेरठ अतुल हत्याकांड : 20 लाख के बीमे और प्रेम संबंध के लिए पत्नी ने रची मौत की खौफनाक साजिश, जांच में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

फेसबुक पर प्यार के पोस्ट, हकीकत में मौत की साजिश; मेरठ के अतुल हत्याकांड ने झकझोरा

मेरठ के चर्चित अतुल पंवार हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई नए खुलासे हुए हैं। जांच के मुताबिक, पत्नी दामिनी ने प्रेमी तुषार और सपेरों के साथ मिलकर नींद की गोलियां खिलाने के बाद जहरीले कॉमन करैत सांप से अतुल को डसवाकर हत्या कराई। हत्या के पीछे प्रेम संबंध और 20 लाख रुपये के बीमा क्लेम का लालच बताया जा रहा है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। सातवीं शादी की सालगिरह पर पत्नी के लिए सोने की चेन खरीदने का सपना संजोए स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि जिस जीवनसाथी के लिए वह खुशियां जुटाने में लगा है, वही उसके जीवन का अंत लिख चुकी है। दो दिन पहले ही वह कस्बे के एक सराफा व्यापारी के यहां पत्नी के लिए सोने की चेन पसंद करके आया था। रुपये का इंतजाम कर जल्द ही चेन लेने का वादा किया था, लेकिन इससे पहले ही उसकी जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो गई।

Image 202

हस्तिनापुर के चर्चित अतुल पंवार हत्याकांड में पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने इस वारदात को और भी दर्दनाक बना दिया है। पुलिस के मुताबिक, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और स्कूल बस चालक तुषार के साथ मिलकर पहले उसे नींद की गोलियां खिलाईं और फिर सपेरों की मदद से जहरीले कॉमन करैत सांप से डसवाकर हत्या करा दी। हत्या को प्राकृतिक सर्पदंश का रूप देने के लिए सांप को बिस्तर पर ही छोड़ दिया गया।

फेसबुक पोस्ट में झलकने लगी थी बदलते रिश्तों की कहानी

जांच में यह भी सामने आया कि प्रेमी तुषार के करीब आने के बाद दामिनी के सोशल मीडिया पोस्ट उसके बदलते भावनात्मक रिश्तों की ओर इशारा करने लगे थे। 22 अप्रैल को उसने फेसबुक पर लिखा था, "किसी का हाथ पकड़ो तो उम्रभर के लिए पकड़ना, क्योंकि जिंदगी पार करनी है, सड़क नहीं।" इसके दो दिन बाद 24 अप्रैल को उसने एक और पोस्ट की, "औरत दिल हार जाए तो कोई मर्द उसका दिल जीत नहीं सकता।"

Image 2026-07

उधर, अतुल उसी सोशल मीडिया पर पत्नी के प्रति अपना प्रेम खुलकर जाहिर करते रहे। 27 जून 2019 को हुई शादी की सालगिरह पर उन्होंने लिखा था, "तुम मेरी जिंदगी की वह रोशनी हो जिसने मेरे हर दिन को रोशन कर दिया। मुझे बेहतर जीवनसाथी बनाने के लिए तुम्हारा शुक्रिया। शादी की सालगिरह मुबारक हो, प्यारी पत्नी।" आज यही पोस्ट पढ़कर परिजनों की आंखें नम हो रही हैं।

पत्नी के लिए तोहफा जुटा रहा था, मौत उसका इंतजार कर रही थी

परिजनों के मुताबिक, सातवीं शादी की सालगिरह पर अतुल पत्नी को सोने की चेन उपहार में देना चाहता था। हत्या से दो दिन पहले वह सराफा दुकान पर गया, चेन पसंद की और कुछ दिनों में रुपये लेकर आने की बात कहकर लौट आया। इसके बाद वह पैसों का इंतजाम करने में जुट गया, लेकिन उसकी यह इच्छा अधूरी रह गई।

6

बीमे के 20 लाख और साथ रहने का सपना

पुलिस पूछताछ में दामिनी और तुषार ने बताया कि हत्या के पीछे सिर्फ प्रेम संबंध ही नहीं, बल्कि आर्थिक लालच भी था। दोनों अतुल के 20 लाख रुपये के बीमा क्लेम की रकम हासिल करना चाहते थे। उनका सपना था कि उसी पैसे से एक हाईटेक स्कूल बनाया जाए। पुराने स्कूल में अतुल की जगह तुषार काम संभालता और दोनों बिना किसी रुकावट के साथ रह पाते।

गांव में किसी से छिपी नहीं थीं नजदीकियां

स्थानीय लोगों का कहना है कि दामिनी और तुषार की बढ़ती नजदीकियां अब किसी से छिपी नहीं थीं। दोनों अक्सर एक ही बाइक पर बाजार में घूमते दिखाई देते थे। इस बात को लेकर अतुल और दामिनी के बीच कई बार विवाद भी हुआ था। इसके बावजूद अतुल अपने परिवार को बचाने की कोशिश करता रहा।

बड़े भाई को पहले ही हो गया था शक

भंडोरा गांव निवासी अतुल के बड़े भाई कुलदीप पंवार उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं और नोएडा में तैनात हैं। शुक्रवार सुबह जब उन्हें छोटे भाई की सर्पदंश से मौत की सूचना मिली तो वह तुरंत गांव पहुंचे। हालात देखकर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने स्कूल बस चालक तुषार को फोन किया।

cats

तुषार ने बताया कि वह किसी जरूरी काम से मीरपुर गया है। इस पर कुलदीप ने उससे कहा कि स्कूल संचालक की मौत हो गई और तुम मौके पर न रहकर वहां कैसे चले गए? तुषार संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। यही संदेह बाद में पुलिस जांच की बड़ी कड़ी साबित हुआ।

परिवार ने भी तोड़ लिया रिश्ता

वारदात का खुलासा होने के बाद दामिनी के मायके वालों ने भी उससे नाता तोड़ लिया। उसके भाई ने थाने पहुंचकर साफ कह दिया कि आज से उनका दामिनी से कोई रिश्ता नहीं है और वह दोबारा उनके घर न आए। उधर, पुलिस हिरासत में दामिनी और तुषार पछताते नजर आए। पूछताछ के दौरान तुषार ने दामिनी से कहा, "तेरे चक्कर में आकर मैंने अपना घर बरबाद कर लिया।" पुलिस के अनुसार, तुषार खुद एक बेटे और एक बेटी का पिता है।

6

ऐसे रची गई थी पूरी साजिश

पुलिस के अनुसार, तुषार ने बाजार से नींद की गोलियां खरीदकर दामिनी को दीं। दामिनी ने उन्हें अतुल के खाने या दूध में मिलाकर खिला दिया। रात करीब दो बजे जब अतुल गहरी नींद में था, तब तुषार ने सपेरे उदय को बुलाया। उदय ने कॉमन करैत सांप से अतुल के हाथ और पैर पर डसवाया। हत्या के बाद सांप को बिस्तर पर ही छोड़ दिया गया ताकि मामला सामान्य सर्पदंश का लगे। सुबह दामिनी ने रो-रोकर इसे हादसा बताया, लेकिन मृतक के पिता और भाई के संदेह, वैज्ञानिक जांच और पुलिस की पूछताछ ने पूरी साजिश से पर्दा उठा दिया।

cats

यह है पूरा मामला

हस्तिनापुर थाना क्षेत्र की जे-ब्लॉक कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले 32 वर्षीय स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार अपनी पत्नी दामिनी और छह वर्षीय बेटे मानिक के साथ रहते थे। तीन महीने पहले उन्होंने कृष्णा किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था। शुक्रवार सुबह वह अपने कमरे में मृत मिले। बिस्तर पर सांप मिला, जिसे लोगों ने मार डाला। शुरुआत में मामला सर्पदंश का लगा, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग, बीमा राशि के लालच और सुनियोजित हत्या की साजिश का खुलासा हो गया।

पुलिस ने आरोपी पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी एवं स्कूल बस चालक तुषार तथा सपेरे उदय और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अब एक मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ चुका है, जबकि जिस परिवार को अतुल प्यार और भरोसे से संवारना चाहता था, वही परिवार इस दर्दनाक साजिश से हमेशा के लिए बिखर गया।

संबंधित समाचार