Moradabad News : स्कूली वाहनों की फिटनेस, चालक सत्यापन कर सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से कराएं अनुपालन
18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों के वाहन चलाने पर विद्यालय प्रबंधन की भी तय होगी जिम्मेदारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला विद्यालय यान समिति की बैठक हुई। इसमें स्कूली वाहनों की सुरक्षा, फिटनेस, चालक सत्यापन एवं सड़क सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने एएआरटीओ आनंद निर्मल को निर्देश दिया कि अभियान चलाकर सभी स्कूली बसों की फिटनेस का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि हर विद्यालय में सड़क सुरक्षा क्लब का अनिवार्य रूप से गठन किया जाए। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति नियमित रूप से जागरूक किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूली वाहनों का संचालन करने वाले सभी चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाएं और विद्यालयवार सभी चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालयों के संचालकों को जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थी मोटरसाइकिल, स्कूटी अथवा अन्य दोपहिया वाहन चलाकर विद्यालय आते पाए जाते हैं, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन की भी जवाबदेही निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी रीना वालिया, डीआईओएस रितु तोमर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
