Sultanpur News : रोजगार मेले में 250 युवाओं ने दिया इंटरव्यू, 97 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
विश्व युवा कौशल दिवस पर सुलतानपुर में आयोजित रोजगार मेले में 250 युवाओं ने हिस्सा लिया। छह निजी कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लेते हुए 97 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन किया।
सुलतानपुर, अमृत विचार। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सेवायोजन कार्यालय, पयागीपुर परिसर में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 250 युवाओं ने निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पाने के लिए साक्षात्कार दिया। भर्ती प्रक्रिया के बाद 97 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन किया गया।
छह कंपनियों ने लिया साक्षात्कार
रोजगार मेले में शाही एक्सपोर्ट प्रा.लि. (बेंगलुरु), वीकॉन इंड्स टेक्नोलॉजी प्रा.लि. (सुलतानपुर), ब्लिंकिट प्रा.लि. (अंबाला), अडानी सोलर एनर्जी (गुजरात), नर्स केयर 24 होम केयर (गुरुग्राम) और केयर ऑक्सी हेल्थ केयर (दिल्ली-एनसीआर) सहित छह प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। साक्षात्कार के बाद 97 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए चयनित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में नेहा, विनीता, खुशबू, मंजू और उषा समेत कई युवाओं को रोजगार का अवसर मिला।
युवाओं से कौशल विकास योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
कार्यक्रम का निरीक्षण जिला विकास अधिकारी गजेन्द्र तिवारी ने किया। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर रोजगार के बेहतर अवसरों का उपयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक एवं प्रधानाचार्य भूपेन्द्र कुमार पाल, जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर, कौशल विकास मिशन, जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई तथा ब्लॉक स्तर के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
