CM Yogi Pratapgarh Visit: आज बेल्हा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी, 380 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जीआईसी मैदान में जनसभा को करेंगे संबोधित, सदर और विश्वनाथगंज क्षेत्र की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास; प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की

प्रतापगढ़, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़ के बेल्हा पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब डेढ़ घंटे तक जिले में रहेंगे। इस दौरान वह जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और सदर तथा विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी लगभग 380 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

MUSKAN DIXIT (8)

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:35 से 11ः00 बजे के बीच हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। उनके साथ प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद रहेंगे। प्रतापगढ़ में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सुलतानपुर के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर देर रात तक तैयारियों की समीक्षा करते रहे। जनसभा स्थल पर 20 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री का प्रतापगढ़ दौरा 29 अगस्त को हुआ था। लगभग दस महीने बाद वह एक बार फिर जिले के दौरे पर आ रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सोमवार को प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण ने कार्यक्रम स्थल और अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर ड्यूटी संबंधी निर्देश जारी किए।

वहीं सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य और भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनसभा स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

MUSKAN DIXIT (7)

महिला अस्पताल में बनाया गया सेफ हाउस

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने राजा प्रताप बहादुर अस्पताल के महिला विंग में दो कमरों का सेफ हाउस तैयार किया है। यहां सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। एक कमरे में बेड, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की व्यवस्था की गई है, जबकि दूसरे कमरे में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की टीम रहेगी।

सेफ हाउस में डॉ. मनोज खत्री, डॉ. केके तिवारी, डॉ. विमल सिंह, डॉ. हंसराज मौर्य, डॉ. विकास सिंह, डॉ. प्रियंका कोटिया सहित सात चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि सभी चिकित्सकों को पहचान पत्र, एप्रन और नेम प्लेट के साथ ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद के अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान एक एंबुलेंस हेलीपैड पर तैनात रहेगी, जबकि दूसरी एंबुलेंस आपातकालीन स्थिति के लिए सुरक्षित रखी जाएगी। इसके अलावा एक मेडिकल टीम हेलीपैड पर और दूसरी टीम मुख्यमंत्री के काफिले के साथ तैनात रहेगी।

यह भी पढ़ेंः ट्रस्ट ने की सर्व समाज को साधने की कोशिश, चढ़ावा प्रकरण बाद ट्रस्टी कृष्ण मोहन के जरिए कई लक्ष्य साधा

संबंधित समाचार