Amroha News : कबूतर चोरी की डांट के डर से घर छोड़ भागा पांचवीं का छात्र, हसनपुर से सकुशल बरामद
अमरोहा, अमृत विचार। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के कपासी गांव से लापता 11 वर्षीय छात्र को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पिता की डांट के डर से घर छोड़कर भागा किशोर हसनपुर पहुंच गया था, जहां उसने एक परिवार को खुद को अनाथ बताकर शरण लेने की कोशिश की। संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में किशोर ने अपना सही परिचय बताया, जिसके बाद हसनपुर पुलिस ने डिडौली पुलिस को सूचना देकर उसे सकुशल सौंप दिया।
डिडौली क्षेत्र के गांव कपासी निवासी गिरिराज सिंह का 11 वर्षीय पुत्र जीतू कक्षा पांच का छात्र है। वह 7 जुलाई को बिना किसी को बताए घर से चला गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने डिडौली थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच किशोर हसनपुर के मोहल्ला काला शहीद निवासी फूल सिंह के घर पहुंचा। उसने परिवार के लोगों को बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह बेसहारा है। उसकी बातों पर संदेह होने पर फूल सिंह ने तत्काल हसनपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पुलिस किशोर को कोतवाली ले गई और पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान किशोर ने अपना नाम, गांव और परिजनों की सही जानकारी दे दी। उसने पुलिस को बताया कि वह एक कबूतर चोरी कर घर ले आया था। इस बात पर पिता के डांटने के डर से वह घर छोड़कर भाग गया था और हसनपुर पहुंच गया। जानकारी मिलने के बाद डिडौली थाना पुलिस की कपासी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विपिन कुमार और कांस्टेबल विजय कुमार हसनपुर कोतवाली पहुंचे और किशोर को अपने साथ डिडौली ले आए। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी जितंेद्र बालियान ने बताया कि किशोर पूरी तरह सुरक्षित है और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की गई है। वहीं, उसके सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
