Kanpur News: न्यू जंक्शन हाथीपुर में 400 श्रमिकों का प्रदर्शन, ठेकेदारों पर वेतन हड़पने का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सरसौल (कानपुर), अमृत विचार। कानपुर के न्यू जंक्शन अंतर्गत हाथीपुर क्षेत्र में सोमवार को एसबीएस, अवध इंटरप्राइजेज और बॉक्सपोर्टर से जुड़े करीब 400 श्रमिकों ने वेतन वितरण में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला श्रमिक भी शामिल रहीं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें तय वेतन का पूरा भुगतान नहीं किया जा रहा और विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है।

24 हजार वेतन, लेकिन हाथ में सिर्फ 8 हजार मिलने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने बताया कि उनका मासिक वेतन 24 हजार रुपये निर्धारित है, जिसकी सूचना मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से भी मिलती है। उनका कहना है कि पीएफ और अन्य कटौतियों के बाद उन्हें करीब 21 हजार रुपये मिलने चाहिए, लेकिन ठेकेदार केवल 8 हजार रुपये नकद देते हैं और शेष राशि अपने पास रख लेते हैं।

डेबिट कार्ड और पासबुक ठेकेदारों के कब्जे में होने का दावा

श्रमिकों का आरोप है कि ठेकेदारों ने कर्मचारियों के डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक और एटीएम का पिन सहित अन्य गोपनीय जानकारी अपने कब्जे में ले रखी है। उनका दावा है कि वेतन खाते में आते ही ठेकेदार स्वयं रकम निकाल लेते हैं और बाद में कर्मचारियों को केवल 8 हजार रुपये नकद देकर बाकी राशि दबा लेते हैं।

रेलवे अधिकारियों से मिलने नहीं दिया गया: श्रमिक

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सोमवार को रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण पर आने की सूचना मिली थी। वे अपनी शिकायत सीधे अधिकारियों के सामने रखना चाहते थे, लेकिन आरोप है कि उन्हें अधिकारियों से मिलने नहीं दिया गया। विरोध करने पर काम से हटाने और नौकरी से बर्खास्त करने की धमकी भी दी गई।

श्रमिकों की प्रमुख मांगें

धरने पर बैठे श्रमिकों ने मांग की कि उनके बैंक खाते, डेबिट कार्ड और पासबुक तत्काल वापस कराए जाएं, बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

संबंधित समाचार