Lucknow Fire News: अकबरी गेट स्थित दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

चार दमकल गाड़ियों ने रिले पंपिंग कर एक घंटे में बुझाई आग

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: चौक के अकबरी गेट स्थित अहमद हुसैन अपार्टमेंट में सोमवार शाम को बिस्कुट व नमकीन की दुकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही चौक फायर स्टेशन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एक घंटे में आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

सीएफओ अंकुश मित्तल के मुताबिक शाम करीब 5:46 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद चौक फायर स्टेशन प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग दुकान के अंदर तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने एक ओर से होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया, जबकि दूसरी ओर से बीए सेट (ब्रीदिंग अपरेटस) पहनकर जवानों को दुकान के भीतर भेजा गया। साथ ही दो अन्य दमकल गाड़ियों से रिले पंपिंग के जरिए लगातार पानी की आपूर्ति कर आग बुझाई गई।

करीब एक घंटे के अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग अतीक की बिस्कुट-नमकीन की दुकान में लगी थी। अतीक कैसरबाग के घसियारी मंडी क्षेत्र का निवासी है। शुरूआती जांच में सामने आया कि आग शार्ट सर्किट से लगी है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हुआ है।

संबंधित समाचार