Bahraich News: बहराइच दौरे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- राममंदिर चढ़ावा चोरी में कोई भी दोषी नहीं बचेगा
बहराइच और श्रावस्ती के पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर किया मंथन
बहराइच, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को बहराइच दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के विधायकों, पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और संगठन के कार्यक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से की बातचीत
शाम करीब पांच बजे पंकज चौधरी नगर के माधवरेती स्थित जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, "हम लोगों के हृदय में रामलला बसे हुए हैं। जो घटना हुई, वह बेहद दुखद है। इस मामले में शामिल कोई भी व्यक्ति, चाहे वह छोटा हो या बड़ा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्रस्ट स्तर पर भी आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।"
लखीमपुर में मंगलवार को रहेगा अगला कार्यक्रम
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सोमवार को उन्होंने बहराइच और श्रावस्ती में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उनका कार्यक्रम लखीमपुर खीरी में निर्धारित है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, विधान परिषद सदस्य प्रज्ञा त्रिपाठी, संजय जायसवाल, मनोज धनकुट, अभिलाषा वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
