Barabanki News: हैदरगढ़ में कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार: कोतवाली क्षेत्र के बीजापुर गांव स्थित भट्ठे के समीप सोमवार शाम कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान सुबेहा थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव निवासी सत्य नारायण पुत्र परीदीन के रूप में हुई है। बताया गया कि सत्य नारायण सोमवार शाम करीब सात बजे लखनऊ से मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर हरचंदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बीजापुर भट्ठे के पास उनकी बाइक की एक कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हैदरगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडे ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ेंः Barabanki News:रेलवे ट्रैक किनारे मिला क्षत-विक्षत शव, पहचान न होने से बढ़ा रहस्य; जांच में जुटी GRP

संबंधित समाचार