Lucknow News : करोड़ों की ठगी करने वाले तीन पुरुष व एक महिला गिरफ्तार
कम दाम में संपत्ति दिलाने का झांसा देकर वसूलते थे एडवांस
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: कृष्णानगर पुलिस ने मकान और प्लॉट दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के तीन पुरुष और एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह लोगों को सस्ते दाम पर मकान, प्लॉट और अन्य संपत्ति दिलाने का लालच देकर उनसे अग्रिम रकम वसूलता था। रुपये लेने के बाद न तो संपत्ति दिलाता था और न ही रकम लौटाता था। विरोध करने पर पीड़ितों को धमकियां भी दी जाती थीं।
इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह के मुताबिक रविवार को माता जी की बगिया क्षेत्र से आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में पहले से दर्ज मामले में कई धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, एलडीए कॉलोनी निवासी विनय कुमार पांडेय की तहरीर पर 25 अप्रैल 2025 को कृष्णानगर थाने में मामला दर्ज हुआ था। आरोप था कि अमन शुक्ला समेत 13 लोगों ने मकान दिलाने के नाम पर उनसे रुपये ऐंठ लिए और बाद में जान-माल की धमकी देने लगे।
गिरफ्तार आरोपियों में एलडीए कॉलोनी निवासी सुनील शुक्ला, सुनीता शुक्ला, आशियाना निवासी पंकज अग्रवाल तथा आलमबाग निवासी दीपक उर्फ दिवाकर राय शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों को कम कीमत में जमीन, मकान और प्लॉट दिलाने का झांसा देते थे। भरोसा जीतने के बाद एडवांस रकम ले लेते और फिर संपर्क खत्म कर देते थे। ठगी से मिली रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर, बैंक खाते और अन्य माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी की अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक गिरोह का सरगना अमन शुक्ला है। उसके खिलाफ आशियाना व सरोजनीनगर में चार मामले दर्ज हैं। वहीं, सुनीता शुक्ला व दिवाकर राय के खिलाफ भी मामले दर्ज है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
