बाराबंकी रेलवे स्टेशन के सामने RPF की बड़ी कार्रवाई, रेलवे स्क्रैप से लदी पिकअप पकड़ी; तीन ठेकेदार समेत सात पर केस दर्ज
तड़के तीन बजे की कार्रवाई में करीब छह कुंतल रेलवे स्क्रैप बरामद, आरपीएफ जांच में जुटी कि स्क्रैप कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था।
बाराबंकी, अमृत विचार। अमृत भारत योजना के तहत बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान रेलवे की संपत्ति एवं निर्माणाधीन भवन से निकले लोहे के स्क्रैप की कथित अवैध निकासी के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ठेकेदारों समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरपीएफ ने रेलवे स्क्रैप से लदी एक पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर करीब छह कुंतल लोहे का स्क्रैप बरामद किया है।
दरअसल आरपीएफ को सूचना मिली कि निर्माणाधीन स्टेशन परिसर से रेलवे की संपत्ति एवं भवन निर्माण से निकले लोहे के स्क्रैप को बिना वैध अनुमति पिकअप वाहन में भरकर बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में रेलवे का लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ। इसके बाद वाहन और स्क्रैप को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। आरपीएफ ने इस मामले में सतीश कुमार शर्मा, नृपेन्द्र सिंह और मोहम्मद हामिद (तीनों ठेकेदार) तथा हमीदुल फकीर, रफीक अली, सनवर और सोनू (चारों मजदूर) के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी अलग-अलग जनपदों एवं राज्यों के निवासी बताए गए हैं।
प्राथमिक जांच में बरामद स्क्रैप रेलवे की संपत्ति एवं निर्माणाधीन भवन से संबंधित पाया गया है। आरपीएफ अब यह जांच कर रही है कि स्क्रैप को किस स्थान से लाया गया था, किसके निर्देश पर बाहर ले जाया जा रहा था और इसे कहां ले जाने की तैयारी थी। इसके साथ ही पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे सामग्री की चोरी अथवा अवैध निकासी के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर- Nitin Srivastava
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में ननद-भाभी विवाद बना जानलेवा, शिकायत लेकर जा रहे बुजुर्ग की रास्ते में पिटाई, इलाज के दौरान मौत
