कानपुर में दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़: काम के तनाव में महिला क्लर्क ने दी जान, 35 लाख के कर्ज से परेशान युवक ने भी किया सुसाइड
कल्याणपुर और चकेरी में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाओं से मचा हड़कंप। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। 24 घंटे के भीतर शहर में पांच आत्महत्या के मामले सामने आए।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में बीते 24 घंटे के भीतर आत्महत्या की कई घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। कल्याणपुर में रोजगार विभाग में कार्यरत एक महिला क्लर्क ने कथित तौर पर काम के दबाव और मानसिक तनाव के बीच फंदे से लटककर जान दे दी। वहीं चकेरी क्षेत्र में व्यापार में हुए नुकसान और भारी कर्ज से परेशान एक युवक ने भी आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
काम के दबाव से परेशान महिला क्लर्क ने उठाया आत्मघाती कदम
कल्याणपुर के बारासिरोही नई बस्ती निवासी देवेश कुमार, जो एक इंटर कॉलेज में लैब टेक्नीशियन हैं, ने बताया कि उनकी 49 वर्षीय पत्नी सुधा रोजगार विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं। परिवार में बेटा अग्रिम और बेटी खुशी हैं।
परिजनों के अनुसार, सुधा लंबे समय से काम के दबाव और मानसिक तनाव की बात करती थीं। इसी कारण उन्होंने सोमवार को अवकाश भी लिया था ताकि कुछ आराम कर सकें।
सोमवार सुबह पति के ड्यूटी पर जाने और बच्चों के स्कूल निकलने के बाद वह घर में अकेली थीं। इसी दौरान उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। बच्चों के स्कूल से लौटने पर घटना की जानकारी हुई। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो उनका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि सुधा काम के तनाव के कारण अवसाद में थीं।
35 लाख के कर्ज से परेशान युवक ने भी दी जान
दूसरी घटना चकेरी के लाल बंगला कालीबाड़ी क्षेत्र की है। यहां 29 वर्षीय जसवंत निषाद ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
परिवार के मुताबिक, जसवंत ने रेडीमेड गारमेंट का कारोबार शुरू करने के लिए करीब 35 लाख रुपये का कर्ज लिया था। व्यापार में लगातार नुकसान होने से वह आर्थिक दबाव में थे और इसी वजह से काफी परेशान रहते थे।
भाई नंदू ने बताया कि सोमवार रात भोजन के बाद जसवंत परिवार के लोगों से काफी देर तक बातचीत करते रहे। देर रात तक जागने के बाद उन्होंने कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह परिजनों ने उनका शव फंदे से लटका देखा।
पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में व्यापार में हुए नुकसान और कर्ज के दबाव के चलते युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में ननद-भाभी विवाद बना जानलेवा, शिकायत लेकर जा रहे बुजुर्ग की रास्ते में पिटाई, इलाज के दौरान मौत
