रायबरेली में ननद-भाभी विवाद बना जानलेवा, शिकायत लेकर जा रहे बुजुर्ग की रास्ते में पिटाई, इलाज के दौरान मौत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बहू की सूचना पर मायके पक्ष के लोगों पर रास्ता रोककर हमला करने का आरोप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू।

ऊंचाहार (रायबरेली), अमृत विचार। रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ननद और भाभी के बीच हुए विवाद के बाद शिकायत दर्ज कराने जा रहे एक बुजुर्ग पर कथित तौर पर उनकी बहू के मायके पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

ननद-भाभी के विवाद के बाद हुआ हमला

घटना कोतवाली क्षेत्र के बसुवई मजरे कमालपुर गांव की है। मंगलवार को गांव निवासी रामदीन (51) की बहू नीलम और उनकी बेटी शिवानी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें शिवानी घायल हो गई।

घायल बेटी को लेकर रामदीन शिकायत दर्ज कराने के लिए कोतवाली जा रहे थे। इसी दौरान बहू नीलम ने अपने मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी।

रास्ते में घेरकर पिटाई का आरोप

आरोप है कि मनीरामपुर पुल के पास नीलम का भाई अपने चार अन्य साथियों के साथ पहुंचा और रामदीन को रोककर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में रामदीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर से गांव में मचा हड़कंप

बुधवार सुबह जैसे ही रामदीन की मौत की सूचना गांव पहुंची, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

कोतवाल ओपी राय ने बताया कि मारपीट में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हुई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट-Dilip Singh

यह भी पढ़ेंः 8th July Weather Alert: 13 राज्यों पर मंडरा रहा खतरा! चलेंगी आंधियां, भारी बारिश-बिजली गिरने की चेतावनी, जानें यूपी का हाल

संबंधित समाचार